Tata की इस कार पर ₹2.30 लाख की बचत का मौका! 4.69 लाख में घर लाएं Tiago EV, जानें ऑफर की डिटेल्स

Tata Tiago EV को लेकर एक ऐसा विकल्प सामने आया है, जिससे इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.30 लाख रुपये तक कम हो सकती है.

tata-tiago-ev-baas-offer-price-range-battery-service
Image Source: Social Media

नई कार खरीदने का सपना देखने वाले मिडिल-क्लास परिवारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अक्सर कार की शुरुआती कीमत होती है. एक्स-शोरूम कीमत के अलावा ब्याज, इंश्योरेंस, RTO और दूसरे चार्ज जुड़ने के बाद बजट और बढ़ जाता है. ऐसे में Tata Tiago EV को लेकर एक ऐसा विकल्प सामने आया है, जिससे इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.30 लाख रुपये तक कम हो सकती है. यह फायदा किसी फेस्टिव डिस्काउंट के जरिए नहीं, बल्कि Battery-as-a-Service यानी BaaS मॉडल के तहत मिलता है.

अब 4.69 लाख में 7 लाख की कार 

Tata Tiago EV के 19 kWh Smart वेरिएंट की सामान्य शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये बताई गई है. BaaS स्कीम के तहत इसी कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये तक आ जाती है. यानी शुरुआत में करीब 2.30 लाख रुपये कम खर्च करने पड़ते हैं. हालांकि, इस मॉडल में ग्राहक को बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं देनी होती, बल्कि कार इस्तेमाल करने के दौरान बैटरी के लिए प्रति किलोमीटर शुल्क देना पड़ता है.

BaaS मॉडल में कैसे देना होगा बैटरी का किराया?

Battery-as-a-Service में कार की बॉडी और बैटरी की लागत को अलग-अलग किया जाता है. ग्राहक कार के लिए अलग से फाइनेंस करा सकता है, जबकि बैटरी कंपनी की ओर से सर्विस के तौर पर ली जाती है. Tata Tiago EV के इस विकल्प में बैटरी का किराया 2.60 रुपये प्रति किलोमीटर बताया गया है. यानी कार जितनी ज्यादा चलेगी, बैटरी सर्विस के लिए भुगतान भी उसी हिसाब से बढ़ेगा. हालांकि, डाउन पेमेंट, बैटरी पैक और लोन अवधि के आधार पर कुल मासिक खर्च अलग हो सकता है.

RTO और चार्जिंग का खर्च अलग

कम शुरुआती कीमत देखकर यह मानना सही नहीं होगा कि कार के सभी खर्च इसी रकम में शामिल हैं. BaaS कीमत में कार की एक्स-शोरूम कॉस्ट और बैटरी से जुड़ा खर्च शामिल है, जबकि RTO रोड टैक्स, इंश्योरेंस, TCS और हैंडलिंग चार्ज अलग से देने होंगे. इसके अलावा कार को चार्ज करने की बिजली, नियमित सर्विसिंग और जरूरत पड़ने पर रिपेयर का खर्च भी ग्राहक को ही उठाना होगा. इसलिए खरीदारी से पहले पूरे ऑन-रोड खर्च का हिसाब लगाना जरूरी है.

285 KM की रेंज और फास्ट चार्जिंग

BaaS विकल्प Tata Tiago EV के 19 kWh बैटरी पैक के साथ उपलब्ध है. कंपनी के दावे के मुताबिक, यह बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर 285 किलोमीटर तक की ARAI-सर्टिफाइड रेंज देती है. वहीं फास्ट चार्जिंग की मदद से करीब 18 मिनट में 100 किलोमीटर तक की रेंज जोड़ी जा सकती है. हालांकि, अगर ग्राहक बड़ा बैटरी पैक वाला वेरिएंट चुनता है तो BaaS का यह विकल्प उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है. ऐसे में खरीदने से पहले बैटरी पैक, किलोमीटर आधारित शुल्क और कुल ऑन-रोड लागत की तुलना करना जरूरी है.

ये भी पढ़ें: WhatsApp का नया Scam Alert फीचर, ठगों की चाल पहचानकर फोन पर देगा खतरे की घंटी, ऐसे ऑन करें ये सेटिंग