पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे शुभेंदु अधिकारी, विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

Subhendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे शुभेंदु अधिकारी होंगे.

Subhendu Adhikari will be the new Chief Minister of West Bengal decision legislature party meeting
Image Source: ANI/ File

Subhendu Adhikari: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुख्यमंत्री पद के लिए अंतिम मुहर लगा दी गई है. लंबे मंथन और कई दौर की बैठकों के बाद आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्य की कमान सौंपने का फैसला किया. अब शनिवार को रवींद्र जयंती के मौके पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे. उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में सुनील बंसल, अमित मालवीय, बिप्लब देब, निशित प्रमाणिक, अग्निमित्रा पाल और शंकर घोष जैसे नेताओं की मौजूदगी ने इस फैसले को और महत्वपूर्ण बना दिया. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विधायक दल ने सर्वसम्मति से सुवेंदु अधिकारी के नाम का समर्थन किया.

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा भव्य शपथ ग्रहण

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा. बीजेपी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रंग देने की तैयारी में जुटी हुई है. चूंकि यह समारोह रवींद्र जयंती के अवसर पर हो रहा है, इसलिए पूरे आयोजन में बंगाल की संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी. मंच सजावट से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, हर चीज में बंगाली पहचान को प्रमुखता दी जाएगी.

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत केंद्र सरकार के कई बड़े चेहरे मौजूद रहेंगे. इसके अलावा एनडीए शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.

राजनीतिक और सामाजिक जगत की बड़ी हस्तियां रहेंगी मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है. पार्टी की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों की प्रमुख हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है. उद्योग जगत, खेल, कला, साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई नामचीन लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. बीजेपी विधायक और सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों को भी निमंत्रण भेजा गया है.

बीजेपी के लिए ऐतिहासिक पल

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है. लंबे समय तक राज्य में विपक्ष की भूमिका निभाने के बाद पार्टी अब सरकार बनाने जा रही है. सुवेंदु अधिकारी को राज्य में बीजेपी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है और चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में सरकार राज्य में नई प्रशासनिक दिशा देने का प्रयास करेगी.

बंगाल की राजनीति में नई शुरुआत

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह शपथ ग्रहण केवल सरकार गठन का कार्यक्रम नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. बीजेपी अब राज्य में अपनी प्रशासनिक क्षमता और राजनीतिक वादों को जमीन पर उतारने की चुनौती का सामना करेगी.

सुवेंदु अधिकारी के सामने कानून-व्यवस्था, उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे जैसे बड़े मुद्दे होंगे. पार्टी समर्थकों को उम्मीद है कि नई सरकार राज्य में विकास और प्रशासनिक सुधारों पर फोकस करेगी, जबकि विपक्ष इस नई सरकार की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है.