Weather Update: लौट आई ठंड! दिल्ली में तेज हवाओं ने बढ़ाई सिहरन, जानिए बाकी राज्यों का हाल

6 से 9 मार्च के बीच दिल्ली में धुंध भी छा सकती है, और 8-9 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है.

Strong winds increased chill in Delhi know the condition of other states
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: ANI

दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल चुका है. लोगों ने तो समझा था कि ठंड अब खत्म हो गई है, और रजाई-कंबल व स्वेटर सर्दियों के साथ अलमारी में जा चुके थे, लेकिन मौसम ने पलटी खाई और उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं फिर से बढ़ गईं, जिससे रात की ठंडक में अचानक इजाफा हो गया. खासतौर पर रात के देर घंटों में, आधी रात से लेकर सूर्योदय तक, ठंड का असर महसूस किया जा रहा है.

इन राज्यों में भी बढ़ी ठंड

दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब में भी स्थिति कुछ ऐसी ही बनी हुई है, खासकर 20 फरवरी की बारिश के बाद. दिन में तापमान थोड़ा गर्म हो रहा है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट की वजह से सर्दी का असर कायम है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. बुधवार से तापमान में बदलाव की संभावना जताई जा रही है, और 10 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है, जो 12 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

आसमान में बादल रह सकते हैं

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में आसमान में बादल रह सकते हैं, जिससे अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. हालांकि, उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएं रातों में सर्दी को बनाए रख सकती हैं. इस दौरान 6 से 9 मार्च के बीच दिल्ली में धुंध भी छा सकती है, और 8-9 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस उतार-चढ़ाव के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोग सतर्क रहें और ठंड से बचाव के उपाय करें. बुधवार को तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

ये भी पढ़ेंः जेलेंस्की को होने लगा ट्रंप से बहस का अफसोस, अमेरिका के सैन्य सहायता रोकते ही यूक्रेन के बदल गए सुर