Shahjahanpur Auto Accident: चार सीट वाले ऑटो में सात लोग बैठाकर तेज रफ्तार से चलाया जा रहा ऑटो शनिवार को दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश में ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया. उसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में 4 लोगों की गई जान
इस हादसे में इकबाल, उनकी पत्नी राबिया, रामक्षत्रिय और अनूप कुमार की मौत हो गई. रामक्षत्रिय अपने चार साल के बेटे कृष्णा को गोद में लेकर सफर कर रही थीं. टक्कर लगते ही बच्चा गोद से छिटककर सड़क पर जा गिरा.
उसके कान के पास गंभीर चोट आई, लेकिन उसकी जान बच गई. वहीं इकबाल और राबिया का बेटा अयान भी हादसे के दौरान सीट के नीचे गिर गया, जिससे वह बच गया. हालांकि उसे चोटें आई हैं.
इलाज के लिए शहर आए थे इकबाल
जानकारी के मुताबिक, जलालाबाद के गौसनगर निवासी इकबाल अपनी पत्नी राबिया का इलाज कराने शहर आए थे. राबिया को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी. दोनों पिछले कुछ दिनों से दलेलगंज स्थित रिश्तेदार के घर रुके हुए थे. रविवार सुबह वे अपने बेटे अयान के साथ जलालाबाद लौटने के लिए ऑटो में बैठे थे.
ऑटो में जरूरत से ज्यादा सवारियां थीं
ऑटो में कांट के बबक्करपुर निवासी रामक्षत्रिय भी अपने बेटे कृष्णा के साथ बैठी थीं. इसके अलावा अनूप कुमार भी पीछे की सीट पर बैठे थे. पुलिस के अनुसार, चालक नावेद ऑटो को तेज रफ्तार में चला रहा था. कमलनैनपुर गांव के पास आगे चल रहे स्कूटी सवार ने अचानक धीमी गति की, जिसके बाद चालक ने ब्रेक लगाया और ऑटो बेकाबू होकर दूसरी लेन में चला गया.
डंपर से टकराते ही उड़ गए ऑटो के परखच्चे
उसी समय सामने से खाली डंपर आ रहा था, जिसने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
घायलों का अस्पताल में इलाज
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायल चालक नावेद, अनूप कुमार, अयान और कृष्णा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. बाद में इलाज के दौरान अनूप कुमार की भी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है.
क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाना बना वजह
एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम ने बताया कि ऑटो के सभी दस्तावेज सही थे, लेकिन चालक ने क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाई थीं. उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को लगातार नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाता है और समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है.
ये भी पढ़े- स्वीडन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, आसमान में फाइटर जेट ने किया एस्कॉर्ट; देखें VIDEO