हरियाणा में पूर्व प्रो कबड्डी खिलाड़ी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, नाबालिग से यौन शोषण का लगा था आरोप

Ankit Suicide Case: सोनीपत के भैंसवाल गांव निवासी अंकित ने मोहाना रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली. उस पर अपनी कबड्डी एकेडमी में प्रशिक्षण लेने वाले 13 वर्षीय खिलाड़ी से यौन शोषण का आरोप था, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था.

sonipat-pro-kabaddi-player-ankit-death-pocso-case-investigation-underway
Image Source: Social Media

Ankit Suicide Case: हरियाणा के सोनीपत में प्रो कबड्डी लीग में खेल चुके एक पूर्व खिलाड़ी की मौत का मामला सामने आया है. भैंसवाल गांव के रहने वाले अंकित का शव मोहाना रेलवे स्टेशन के पास मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अंकित ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

नाबालिग खिलाड़ी से यौन शोषण का लगा था आरोप

जानकारी के मुताबिक, अंकित ने हाल ही में अपनी कबड्डी एकेडमी शुरू की थी, जहां वह बच्चों और युवाओं को प्रशिक्षण देता था. कुछ दिन पहले एक 13 वर्षीय खिलाड़ी भी उसकी एकेडमी में ट्रेनिंग लेने पहुंचा था. आरोप है कि इसी दौरान कोच अंकित ने नाबालिग के साथ यौन शोषण किया. पीड़ित ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

परिजनों की शिकायत के आधार पर गोहाना सदर थाने में अंकित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद से अंकित मानसिक तनाव में था. इसी बीच उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. उधर, गुरुवार को पुलिस ने पीड़ित किशोर का गोहाना के नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया. इसके बाद डॉक्टरों ने उसे आगे की जांच के लिए खानपुर स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

तीसरी बार प्रो कबड्डी लीग में खेलने की कर रहा था तैयारी

अंकित के परिजनों का कहना है कि उन्हें उसके इस कदम के पीछे की वजह की जानकारी नहीं थी. परिवार के मुताबिक, अंकित कबड्डी का होनहार खिलाड़ी था और दो बार प्रो कबड्डी लीग में हिस्सा ले चुका था. वह एक बार फिर लीग में खेलने की तैयारी कर रहा था और इसके लिए लगातार अभ्यास कर रहा था. फिलहाल जीआरपी पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस आत्महत्या से जुड़े घटनाक्रम के साथ-साथ नाबालिग खिलाड़ी से संबंधित शिकायत और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले की भी पड़ताल कर रही है.

ये भी पढ़ें- भारत-न्यूजीलैंड का दूसरा टेस्ट कल, सुबह 3:30 बजे शुरू होगा मुकाबला, जानें कब और कहां देख सकेंगे LIVE मैच