Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल इन दिनों खिलाड़ियों की लगातार बढ़ रही चोटों को लेकर चिंतित हैं. उनका मानना है कि अगर इस समस्या पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले बड़े टूर्नामेंट में टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है.
कई बड़े खिलाड़ी हुए चोटिल
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया के कई खिलाड़ी चोट की वजह से परेशान रहे. लंबे समय तक चोट के कारण टीम से बाहर रहने वाले हर्षित राणा सीरीज के बीच में ही चोटिल हो गए. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह चोट के कारण आखिरी मुकाबला नहीं खेल पाए. वरुण चक्रवर्ती भी चोट से जूझ रहे हैं. वहीं हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी भी फिटनेस समस्याओं का सामना कर रहे हैं.
गिल ने चोटों पर जताई चिंता
मैच के बाद जब शुभमन गिल से खिलाड़ियों की चोटों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है. गिल ने बताया कि शुरुआत में चुनी गई टीम के पांच खिलाड़ी मैचों के दौरान उपलब्ध नहीं रह पाए. उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के चोटिल होने पर टीम को नया संयोजन बनाना पड़ता है, लेकिन अगर हर मैच के बाद खिलाड़ी चोटिल होते रहेंगे तो यह सोचने वाली बात है.
वर्ल्ड कप को लेकर बढ़ी चिंता
शुभमन गिल ने वनडे वर्ल्ड कप को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम को लगातार 11 मैच खेलने पड़ सकते हैं. अगर खिलाड़ी अभी 2-3 मैच खेलने के बाद ही चोटिल हो रहे हैं, तो इतने लंबे टूर्नामेंट में लगातार खेलना मुश्किल होगा. गिल के मुताबिक खिलाड़ियों की फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है ताकि टीम बड़े मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार रह सके.
फिटनेस सुधारना होगी जरूरी
टीम इंडिया के लिए आने वाले समय में खिलाड़ियों की फिटनेस एक बड़ा मुद्दा रहने वाली है. लगातार मैचों के लिए सभी प्रमुख खिलाड़ियों का उपलब्ध रहना जरूरी होगा, तभी टीम बड़े टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर पाएगी.
ये भी पढ़ें- DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने जारी की BTech तीसरी मेरिट लिस्ट, इन छात्रों को तुरंत करना होगा ये काम