Koffee With Karan 9: करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ का सफर अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचने वाला है. शो के नौवें सीजन को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने शाहरुख खान के फैंस को उत्साहित कर दिया है. बताया जा रहा है कि सीजन 9 के ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड के किंग खान खास अंदाज में नजर आएंगे. दिलचस्प बात यह है कि करण जौहर पहले ही इस सीजन को शो का आखिरी सीजन बता चुके हैं. ऐसे में शाहरुख की मौजूदगी इस विदाई को और खास बना सकती है.
2004 में शाहरुख से शुरू हुआ था शो का सफर
‘कॉफी विद करण’ और शाहरुख खान का रिश्ता काफी पुराना है. साल 2004 में जब इस शो की शुरुआत हुई थी, तब पहले एपिसोड में शाहरुख खान अपनी खास दोस्त और अभिनेत्री काजोल के साथ पहुंचे थे. अब करीब दो दशक बाद शो के आखिरी एपिसोड में उनकी वापसी को एक खास संयोग माना जा रहा है. जिस सितारे के साथ इस शो की शुरुआत हुई थी, उसी के साथ इसका सफर खत्म होने जा रहा है. यही वजह है कि इस पल को फैंस के लिए यादगार माना जा रहा है.
करण जौहर के जुड़वा बच्चे भी करेंगे डेब्यू
ग्रैंड फिनाले की खासियत सिर्फ शाहरुख खान की मौजूदगी तक सीमित नहीं रहेगी. खबरों के मुताबिक, करण जौहर के जुड़वा बच्चे रूही और यश भी इसी एपिसोड के जरिए शो में पहली बार नजर आ सकते हैं. बताया जा रहा है कि शाहरुख पूरे एपिसोड में नहीं, बल्कि एक खास हिस्से में स्पेशल अपीयरेंस देंगे. उनके साथ करण के दोनों बच्चे भी दिखाई देंगे. हालांकि, इस खास एपिसोड को लेकर मेकर्स की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
शो के नौवें सीजन में इन सितारों ने की शिरकत
‘कॉफी विद करण 9’ के अब तक छह एपिसोड रिलीज हो चुके हैं. इन एपिसोड्स में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे करण जौहर के सवालों का सामना कर चुके हैं. मेहमानों की सूची में सलमान खान, रश्मिका मंदाना, विजय देवरकोंडा, वरुण धवन, जान्हवी कपूर, सैफ अली खान, करीना कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी, अनन्या पांडे और अनन्या बिरला जैसे नाम शामिल हैं.
आने वाले एपिसोड्स में भी दिखेंगी खास जोड़ियां
शो के आगामी एपिसोड्स को लेकर भी कई दिलचस्प खबरें सामने आ रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सारा अली खान अपने भाई इब्राहिम अली खान के साथ, जबकि आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ काउच साझा कर सकती हैं. इसके अलावा डिंपल कपाड़िया और ट्विंकल खन्ना की जोड़ी भी शो में नजर आ सकती है. वहीं, गायक दिलजीत दोसांझ और कॉमेडियन समय रैना के भी अलग-अलग एपिसोड में शामिल होने की चर्चा है.
ये भी पढ़ें- नेटफ्लिक्स पर छाई कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे की 'अक्का', 15 देशों की टॉप 10 लिस्ट में बनाई जगह