Today Weather: पहाड़ों पर भारी बारिश-बर्फबारी, कई राज्यों में कड़के की ठंड, IMD का अलर्ट जारी

उत्तर भारत में मौसम अचानक करवट लेने वाला है. दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

Severe cold in many states IMD alert heavy rain-snow
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

उत्तर भारत में मौसम अचानक करवट लेने वाला है. दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है. पहाड़ों में मौसम खराब होने का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है, जहां ठंडी पछुआ हवाएं तापमान तेजी से गिरा सकती हैं.

इस बीच दिल्ली-NCR के लिए मौसम विभाग ने एक असामान्य चेतावनी जारी की है. IMD का कहना है कि आने वाले 36 घंटों के भीतर राजधानी के तापमान में पहले 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, लेकिन इसके तुरंत बाद पारा 3–5 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे अचानक ठंड बढ़ जाएगी.

उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी ठिठुरन वाला मौसम शुरू हो चुका है. IMD ने चेतावनी दी है कि पहाड़ों के बिगड़ते मौसम का असर पंजाब से लेकर बिहार तक महसूस किया जाएगा. इसके अलावा दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है.

मैदानी इलाकों में शीतलहर का खतरा

पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम से निचले इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.

इन खराब परिस्थितियों की वजह से मैदानी राज्यों- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में तापमान और गिर सकता है. इसी के साथ कोहरा भी घना होने की संभावना है, जिससे सुबह और रातें और अधिक ठंडी होंगी.

पश्चिम बंगाल में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है.

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप

  • उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बन चुकी है.
  • पंजाब में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ है.
  • हरियाणा के नारनौल में तापमान लुढ़ककर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन जैसे हालात हैं. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटों में कोहरा और बढ़ सकता है, जिससे दृश्यता कम होने की समस्या भी बढ़ेगी.

दिल्ली-NCR में प्रदूषण और ठंड

राजधानी दिल्ली में इस समय सर्दी और प्रदूषण की दोहरी मार पड़ रही है. पहाड़ों में जारी बारिश और बर्फबारी की वजह से आने वाली ठंडी हवाएं NCR में तापमान तेजी से गिरा सकती हैं.

शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, और दिन में 10 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही हवाओं ने ठंड के एहसास को और बढ़ा दिया. इसके साथ ही शहर की वायु गुणवत्ता लगातार चिंताजनक बनी हुई है. CPCB के अनुसार, दिल्ली का AQI लगभग 360 दर्ज किया गया, जो “बेहद खराब” श्रेणी में आता है. ऐसे में ठंड और प्रदूषण मिलकर स्वास्थ्य पर अधिक गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं.

दिल्ली में तापमान का अचानक ऊपर-नीचे होना मौसम के अस्थिर होने का संकेत है- पहले गर्मी जैसी स्थिति और फिर तुरंत ठिठुरन, दोनों स्थितियाँ अगले 36 घंटों में देखने को मिल सकती हैं.

किन राज्यों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट?

IMD ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के लिए शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है.

शीतलहर की संभावना-

  • पंजाब
  • हरियाणा
  • पश्चिम मध्य प्रदेश
  • विदर्भ
  • पूर्वी मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • झारखंड
  • ओडिशा

कई क्षेत्रों में शीतलहर 10–11 दिसंबर तक भी जारी रह सकती है.

घना कोहरा अलर्ट

  • असम, मेघालय
  • नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा
  • हिमाचल प्रदेश (7 से 9 दिसंबर)
  • ओडिशा (7–8 दिसंबर)

इन राज्यों में सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम रहने की चेतावनी दी गई है.

आगे मौसम कैसा रहेगा?

IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत में

  • तेज ठंड,
  • घना कोहरा,
  • और तापमान में उतार-चढ़ाव

देखने को मिलेगा.

वहीं पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी जारी रहने की पूरी संभावना है. मैदानी राज्यों में इसके असर से ठंड और बढ़ेगी और सुबह-शाम की गलन बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने रच दिया नया इतिहास, सचिन तेंदुलकर और जैक्स कैलिस को छोड़ा पीछे, बनाया 'विश्व रिकॉर्ड'