1300 लड़कियों को पछाड़ कर सारा अर्जुन ने 'धुरंधर' में बनाई जगह, जानें कैसा रहा चाइल्ड आर्टिस्ट से बॉलीवुड तक का सफर

Sara Arjun: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ का ट्रेलर आखिरकार लॉन्च हो गया है और लॉन्च के साथ ही फिल्म की कास्टिंग को लेकर बड़ा खुलासा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

Sara Arjun Dhurandhar by defeating 1300 girls her journey from child artist to Bollywood
Image Source: Social Media

Sara Arjun: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ का ट्रेलर आखिरकार लॉन्च हो गया है और लॉन्च के साथ ही फिल्म की कास्टिंग को लेकर बड़ा खुलासा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में हुए इस भव्य आयोजन में निर्देशक आदित्य धर ने बताया कि रणवीर की को-एक्ट्रेस बनीं सारा अर्जुन को यह रोल किसी आसान सिलेक्शन से नहीं, बल्कि 1300 से ज्यादा ऑडिशन के बाद मिला है.

‘उरी’ और ‘आर्टिकल 370’ जैसी दमदार फिल्मों से अपनी पहचान बना चुके आदित्य धर ने बताया कि उन्हें इस किरदार के लिए एक बिल्कुल नया, प्रभावशाली चेहरा चाहिए था. इसके लिए कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा की टीम ने लंबी प्रक्रिया अपनाई और करीब 1300 कलाकारों का ऑडिशन लिया. कई दौरों और कठोर सिलेक्शन के बाद सारा अर्जुन को इस रोल के लिए चुना गया, जिसने निर्देशक की खोज को पूरा किया.

आदित्य धर ने कहा कि सारा के चयन ने यह साबित कर दिया कि वह “रोल की सही आत्मा” को पर्दे पर उतारने की क्षमता रखती हैं. उन्होंने कास्टिंग टीम की मेहनत और इस चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए खास सराहना भी की.

रणवीर सिंह भी हुए सारा अर्जुन से प्रभावित

फिल्म के लीड स्टार रणवीर सिंह ने भी सारा के लिए जमकर तारीफें कीं. उन्होंने इसे अपने लिए शानदार अनुभव बताते हुए कहा कि सारा अर्जुन में एक परिपक्वता और समर्पण है, जो उनके काम को अलग बनाता है. रणवीर ने कहा कि दर्शक ‘धुरंधर’ में सारा की परफॉर्मेंस को देखकर जरूर चौंक जाएंगे.

चाइल्ड आर्टिस्ट से बॉलीवुड तक का सफर

सारा अर्जुन किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. वह बचपन से ही एक पॉपुलर चाइल्ड आर्टिस्ट रही हैं और कई फिल्मों व विज्ञापनों में नजर आ चुकी हैं. तमिल फिल्म ‘देइवा थिरुमगल’ में उनकी भावनात्मक परफॉर्मेंस काफी चर्चित रही.

सारा ने ‘पोन्नियिन सेल्वन’ में ऐश्वर्या राय के बचपन वाला किरदार निभाकर भी खूब तारीफें बटोरीं. वह साउथ एक्टर राज अर्जुन की बेटी हैं और ‘धुरंधर’ के साथ अब बड़े स्तर पर बॉलीवुड में अपना कदम रख रही हैं.

धुरंधर: स्टारकास्ट और रिलीज डेट

5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह और सारा अर्जुन के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे. स्पाई-थ्रिलर जॉनर में बनी यह फिल्म अपने ट्रेलर से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर चुकी है.

यह भी पढ़ें- साबरमती जेल में ISKP आतंकी डॉ. अहमद को कैदियों ने पीटा, रिसीन जहर से लोगों को मारने की रच रहा था साजिश