Bihar CM Samrat Choudhary Oath: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. करीब दो दशकों बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. बुधवार को पटना के बिहार लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
सम्राट चौधरी के साथ ही विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली. दोनों नेता जेडीयू कोटे से सरकार में शामिल हुए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल का और विस्तार किया जा सकता है.
शपथ ग्रहण से पहले ही बढ़ी हलचल
शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही लोक भवन में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं. जैसे ही सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया. इस दौरान कई बड़े नेताओं की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया.
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए.
राजनीतिक रूप से अहम रही मौजूदगी
समारोह में विपक्ष की ओर से भी उपस्थिति देखने को मिली. अब्दुल बारी सिद्दीकी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अहम बना दिया. इसके अलावा कुछ देर बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लोक भवन पहुंचे, जिन पर सभी की नजरें टिकी रहीं.
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में विकास और प्रशासन को लेकर नई उम्मीदें भी जुड़ गई हैं.
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को बिहार के मुंगेर जिले के लखनपुर में हुआ था. उनका राजनीतिक परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है. उनके पिता शकुनी चौधरी सात बार विधायक और सांसद रह चुके हैं, जबकि उनकी माता पार्वती देवी भी तारापुर से विधायक रह चुकी हैं.
सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1990 के दशक में की थी. साल 1999 में वह राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री बने थे. हालांकि उम्र से जुड़े विवाद के चलते उन्हें उस समय पद छोड़ना पड़ा था.
इसके बाद उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक दलों में काम किया और राजद तथा जदयू में भी अहम भूमिकाएं निभाईं. लेकिन उन्हें असली पहचान भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद मिली, जहां से उन्होंने अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की.
ये भी पढ़ें- Share Market: ट्रंप के बयान से शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1300 अंक उछला, निफ्टी 24250 के पार