Hardik-Rohit Fitness: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट किया है कि टीम में चयन के बावजूद मैदान पर उतरने से पहले उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस मंजूरी हासिल करनी होगी.
बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट देंगे हार्दिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या 2 जून को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे हैं. यहां वह एक सप्ताह से अधिक समय तक रहकर फिटनेस ड्रिल, मेडिकल मूल्यांकन और शारीरिक परीक्षणों से गुजरेंगे. सभी मानकों को पूरा करने के बाद ही उन्हें RTP (रिटर्न टू प्ले) की मंजूरी मिलेगी, जिसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
IPL के दौरान हुई थी फिटनेस समस्या
हार्दिक के लिए यह फिटनेस मूल्यांकन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते समय उन्हें पीठ में ऐंठन (Back Spasms) की समस्या का सामना करना पड़ा था. इसी वजह से वह टूर्नामेंट के कुछ मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सके थे. उनका आखिरी वनडे मुकाबला ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था.
रोहित शर्मा को भी देना होगा फिटनेस अपडेट
सिर्फ हार्दिक पंड्या ही नहीं, बल्कि पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं. रोहित IPL 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे थे. इसी कारण अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित टीम में उनके नाम के साथ भी फिटनेस संबंधी शर्त जोड़ी गई है.
हालांकि मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने हाल ही में कहा था कि रोहित पूरी तरह फिट हैं. उनके अनुसार मेडिकल टीम ने रोहित को 100 प्रतिशत फिट माना है और उन्हें चोट से उबरने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था. जयवर्धने ने यह भी स्पष्ट किया कि IPL में रोहित का इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उपयोग टीम की रणनीति का हिस्सा था और इसका उनकी फिटनेस से कोई संबंध नहीं था.
कब शुरू होगी भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज?
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होगी. पहला मुकाबला धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जबकि तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा.
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे.
अब सभी की नजर हार्दिक पंड्या और रोहित शर्मा की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी रहेगी. यदि दोनों खिलाड़ियों को समय रहते क्लियरेंस मिल जाती है, तो अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम और अधिक मजबूत नजर आएगी.
ये भी पढ़ें- माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त... कुशीनगर में जमकर गरजे सीएम योगी, फाजिलनगर का नाम भी बदला