दुनिया में पहली बार गिरफ्तार हुआ रोबोट, चीन में 70 साल की महिला से बदतमीजी का आरोप, देखें Video

तकनीक की दुनिया में तेजी से बढ़ते कदमों के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और सोचने पर मजबूर भी.

Robot Arrested In China Accusation of misbehavior with a woman Video
Image Source: Social Media

Robot Arrested: तकनीक की दुनिया में तेजी से बढ़ते कदमों के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और सोचने पर मजबूर भी. चीन के मकाऊ शहर में पहली बार एक ह्यूमनॉइड रोबोट को ‘हिरासत’ में लिए जाने की घटना सामने आई है. यह मामला एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से जुड़ा है, जिन्होंने रोबोट पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मकाऊ के पटाने इलाके की है. बुजुर्ग महिला सड़क किनारे खड़ी होकर अपने मोबाइल फोन में व्यस्त थीं. इसी दौरान एक ह्यूमनॉइड रोबोट, जो Unitree G1 मॉडल का बताया जा रहा है, उनके ठीक पीछे आकर रुक गया. महिला को जैसे ही अपने पीछे रोबोट के खड़े होने का एहसास हुआ, वह अचानक घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं.

बुजुर्ग और रोबोट के बीच ‘अजीब टकराव’

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की प्रतिक्रिया से आसपास मौजूद लोग भी चौंक गए. रोबोट अपने प्रोग्रामिंग के तहत वहीं खड़ा रहा और स्थिति को समझ नहीं पाया. इस दौरान महिला ने रोबोट को लेकर नाराजगी जताई और उसे ‘अजीब’ व्यवहार करने वाला बताया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by NEWSINGEST (@news.ingest)

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में महिला को किसी तरह की शारीरिक चोट नहीं आई, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें जांच के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और रोबोट को अस्थायी रूप से अपने कब्जे में ले लिया.

क्या सच में ‘गिरफ्तार’ हुआ रोबोट?

यह घटना इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई और इसे ‘पहली बार रोबोट की गिरफ्तारी’ के तौर पर पेश किया जाने लगा. हालांकि, वास्तविकता यह है कि पुलिस ने किसी अपराध के तहत रोबोट को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि सुरक्षा और जांच के लिहाज से उसे अपने नियंत्रण में लिया था.

जांच के बाद पुलिस ने रोबोट के मालिक को चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से किया जाए. इसके बाद रोबोट को उसके मालिक को वापस सौंप दिया गया.

आखिर महिला के पीछे क्यों खड़ा था रोबोट?

विशेषज्ञों के अनुसार, यह रोबोट लगभग 4 फीट लंबा Unitree G1 मॉडल है, जिसे मुख्य रूप से शिक्षा, प्रदर्शन और प्रचार जैसे कार्यों के लिए विकसित किया गया है. इसमें एडवांस ऑब्स्टैकल अवॉइडेंस सिस्टम और कैमरे लगे होते हैं, जिससे यह अपने रास्ते में आने वाली बाधाओं को पहचान सकता है.

जानकारों का मानना है कि रोबोट महिला से टकराने से बचने के लिए वहीं रुक गया था और उनके हटने का इंतजार कर रहा था. लेकिन महिला को इसकी जानकारी नहीं थी और अचानक पीछे रोबोट को देखकर वह घबरा गईं, जिससे पूरा विवाद शुरू हो गया.

ये भी पढ़ें- हेडफोन करेगा 'लाइव ट्रांसलेशन', लॉन्च हुआ Apple AirPods Max 2, जानें कीमत और फीचर्स