टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. रिंकू और प्रिया 4 दिसंबर को लखनऊ के होटल रमाडा में सात फेरे लेंगे. शादी की रस्में 3 दिसंबर से शुरू होंगी. इस हाई-प्रोफाइल वेडिंग में राजनीति, क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि समारोह में देशभर से करीब 2 हजार मेहमान पहुंचेंगे.
क्रिकेट जगत के ये सितारे होंगे शामिल
रिंकू सिंह की शादी में क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम नजर आ सकते हैं. 3 दिसंबर से ही उनके साथी खिलाड़ियों के लखनऊ पहुंचने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है. मेहमानों की सूची में सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह और पीयूष चावला जैसे क्रिकेटरों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं, भोजपुरी मनोरंजन जगत से गायक समर सिंह समेत कई कलाकार भी इस शादी का हिस्सा बन सकते हैं. इस तरह रिंकू और प्रिया की शादी में क्रिकेट, राजनीति और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है.
बनारसी साड़ियों से लेकर खास ज्वेलरी तक
शादी में दुल्हन बनने जा रहीं प्रिया सरोज के आउटफिट और ज्वेलरी पर भी खास ध्यान दिया गया है. उन्होंने नई दिल्ली और लखनऊ से अपने परिधानों का खास कलेक्शन तैयार करवाया है. इसमें वाराणसी की मशहूर बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं. खास बात यह है कि जयमाल के दौरान प्रिया अपने क्षेत्र पिंडरा के स्थानीय बाजार से खरीदी गई ज्वेलरी पहनेंगी. इसे उनके लहंगे के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी के कॉम्बिनेशन में स्टाइल किया जाएगा. इसके अलावा दिल्ली के पीसी ज्वैलर्स और बनारस के मोहम्मद जुबैर से भी गहनों की खरीदारी की गई है.
मेहमानों के लिए शाकाहारी खाने का खास इंतजाम
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में मेहमानों की आवभगत के लिए भी खास तैयारियां की गई हैं. शादी का पूरा मेन्यू शाकाहारी रखा गया है. इसमें वेलकम सूप से लेकर कई तरह के लजीज व्यंजन और खास डेजर्ट शामिल होंगे.
3 दिसंबर से शुरू होने वाली रस्मों के लिए दोनों परिवारों के सदस्य एक दिन पहले ही होटल रमाडा पहुंच सकते हैं. इसी होटल में मेहंदी, पूजा और शादी से जुड़ी अन्य पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी. अब सभी की नजरें 4 दिसंबर को होने वाली इस शाही शादी पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: शादी से पहले रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज पर लुटाया प्यार, शेयर कीं ऐसी तस्वीरें कि देखते रह गए फैंस