Shree Charani Ranking: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर श्री चरणी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वह अब महिला टी20 क्रिकेट की नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है. 21 साल की श्री चरणी ने टूर्नामेंट के तीन मैचों में 10 विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया है. वह फिलहाल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी हैं.
एक साल में तय किया लंबा सफर
श्री चरणी ने करीब एक साल पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. कम समय में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई और टीम इंडिया की सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल हो गईं. उन्होंने रैंकिंग में इंग्लैंड की लिन्से स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है. लिन्से स्मिथ अब तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं.
A monumental milestone! 🔝
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 23, 2026
Sree Charani's wicket-taking form takes her to the summit of the ICC Women's T20I Bowling Rankings for the very first time 1️⃣👏#TeamIndia | #WomenInBlue | #T20WorldCup pic.twitter.com/K0TE8h26mH
रैंकिंग में किसके कितने अंक?
ताजा टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में श्री चरणी के 753 रेटिंग अंक हैं. वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद चार्ली डीन के 733 अंक हैं. भारतीय गेंदबाजों में श्री चरणी के अलावा सिर्फ दीप्ति शर्मा टॉप-10 में शामिल हैं. हालांकि दीप्ति शर्मा तीन स्थान नीचे खिसककर आठवें नंबर पर पहुंच गई हैं.
वर्ल्ड कप में किया शानदार प्रदर्शन
श्री चरणी ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन गेंदबाजी की है. पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 21 रन देकर 3 विकेट लिए थे. इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ 19 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने 3 विकेट हासिल किए. उनकी इसी शानदार फॉर्म का फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है.
बल्लेबाजी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा
महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं. स्मृति मंधाना ने अपना पांचवां स्थान बरकरार रखा है. वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक स्थान की छलांग लगाकर टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गई हैं.
टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर
श्री चरणी का नंबर-1 गेंदबाज बनना भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है. उनकी शानदार फॉर्म टीम इंडिया के लिए भी सकारात्मक संकेत है और आने वाले मैचों में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस से लेकर आकाशतीर तक... दुनिया में बज रहा भारतीय हथियारों का डंका, UAE के साथ होगी बड़ी डील?