मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. गुढ़ थाना क्षेत्र में बड़वार के पास नेशनल हाईवे-39 पर ट्रक और बस की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए.
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. यह दुर्घटना रीवा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर हुई. मामले में ASP भावना मरावी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में 5 लोगों की जान गई है और 30 अन्य घायल हुए हैं. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
पीएम मोदी ने भी जताया दुख
पीएमओ ने पीएम मोदी की तरफ से एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मध्य प्रदेश के रीवा में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की घटना दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके इस हादसे को लेकर दुख जताया. उन्होंने कहा, "आज रीवा-सीधी हाईवे पर बस और बल्कर की टक्कर में हुई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है. दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है. मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं."
कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट का सामने आया बयान
रीवा में कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया, "बस और दूसरे वाहन की टक्कर से बस सड़क से उतरकर खाई में गिर गई. पूरा प्रशासन, मेडिकल टीमें, स्थानीय ग्रामीण और जन-प्रतिनिधि तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मिलकर बचाव कार्य में जुट गए. कई लोग घायल हुए हैं. सभी बचाव अभियान में लगे हुए हैं."
ये भी पढ़ें: कॉमेडी, एक्शन और खतरनाक मिशन का तड़का... कुणाल खेमू की 'वाइब' के ट्रेलर ने बढ़ाई एक्साइटमेंट