कुणाल खेमू एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ रोमांचित करने के लिए तैयार हैं. इस बार वह सिर्फ एक्टिंग नहीं, बल्कि डायरेक्शन की कमान भी संभाल रहे हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 'वाइब' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें कॉमेडी, एक्शन और सस्पेंस का जबरदस्त तड़का देखने को मिल रहा है. फिल्म में कुणाल के साथ स्पर्श श्रीवास्तव और लंबे वक्त बाद बड़े पर्दे पर नजर आने वाली प्रीति जिंटा अहम भूमिकाओं में हैं. ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है.
कॉमेडी से खतरनाक मिशन तक पहुंचती है कहानी
'वाइब' के ट्रेलर की शुरुआत कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की मजेदार केमिस्ट्री से होती है. दोनों की कॉमिक टाइमिंग कहानी में हल्कापन और मनोरंजन लेकर आती है, लेकिन जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, कहानी का रंग पूरी तरह बदल जाता है. कुणाल और स्पर्श एक ऐसे खतरनाक मिशन में फंस जाते हैं, जहां हर मोड़ पर नया ट्विस्ट देखने को मिलता है. इस पूरे मिशन की कमान प्रीति जिंटा के किरदार के हाथों में नजर आती है. ट्रेलर में सभी कलाकार अपने-अपने किरदारों में काफी दमदार दिखाई दे रहे हैं.
KUNAL KEMMU'S NEXT DIRECTORIAL IS 'VIBE' – TRAILER OUT NOW – 18 SEPT 2026 RELEASE... #KunalKemmu returns to the director's chair after the much-loved #MadgaonExpress.
— taran adarsh (@taran_adarsh) September 2, 2026
Amazon MGM Studios India has unveiled the trailer of its upcoming theatrical release #Vibe, written and directed… pic.twitter.com/aS3Utc56wl
प्रीति जिंटा की वापसी ने बढ़ाया एक्साइटमेंट
फिल्म में प्रीति जिंटा की मौजूदगी 'वाइब' की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है. लंबे समय बाद उन्हें इस तरह के रोल में देखने के लिए फैंस भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंचीं प्रीति ने भी फिल्म को लेकर बज बढ़ा दिया है. सोशल मीडिया पर ट्रेलर को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं और खास तौर पर प्रीति की वापसी को पसंद किया जा रहा है. कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमेडी के साथ सस्पेंस और एक्शन का नया कॉम्बिनेशन पेश करती नजर आ रही है.
करीना कपूर की 'दायरा' से होगा मुकाबला
'वाइब' के लिए बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है, क्योंकि फिल्म की टक्कर करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर 'दायरा' से होगी. मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म के साथ क्लैश को लेकर करीना कपूर ने कुणाल खेमू की तारीफ करते हुए कहा था कि वह बेहतरीन कॉमेडी एक्टर्स में से एक हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग का कोई मुकाबला नहीं. करीना का मानना है कि थिएटर में दो अच्छी फिल्मों के लिए जगह है. दिलचस्प बात यह भी है कि कुणाल खेमू, करीना कपूर के रिश्तेदार हैं, क्योंकि कुणाल की शादी सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान से हुई है.