UP Scholarship: उत्तर प्रदेश में हजारों छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है. समाज कल्याण विभाग ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का पोर्टल दोबारा खोल दिया है. इस फैसले का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को एक और मौका देना है, जो तकनीकी समस्याओं या अन्य कारणों से पहले आवेदन नहीं कर पाए थे.
अब ऐसे छात्र फिर से आवेदन कर सकेंगे और योजना का लाभ ले सकेंगे. सरकार का कहना है कि कोई भी पात्र छात्र सिर्फ प्रक्रिया संबंधी दिक्कतों के कारण इस योजना से वंचित न रह जाए, यही इस कदम का मुख्य उद्देश्य है.
किन छात्रों को मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ जनरल कैटेगरी, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और ट्रांसजेंडर समुदाय के छात्रों को दिया जाएगा. सरकार खास तौर पर उन विद्यार्थियों पर ध्यान दे रही है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. इस पहल के जरिए ऐसे छात्रों को आर्थिक सहायता देकर उनकी शिक्षा को जारी रखने में मदद की जाएगी.
पिछले साल भी मिला था बड़ा फायदा
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी इसी तरह पोर्टल को दोबारा खोला गया था. उस दौरान कुल 53,041 छात्रों को 81.12 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई थी. इनमें से 25,395 अनुसूचित जाति के छात्रों को 30.65 करोड़ रुपये और 27,640 सामान्य वर्ग के छात्रों को 50.47 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी.
राज्य के समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी छात्र आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना के तहत आवेदन करने के लिए छात्रों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे, जिनमें आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अलावा बैंक पासबुक, पिछले वर्ष की मार्कशीट, चालू वर्ष की फीस रसीद, पासपोर्ट साइज फोटो और एक एक्टिव मोबाइल नंबर भी आवश्यक होगा.
ऐसे करें आवेदन
दूसरे चरण में आवेदन करने के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट scholarship.up.gov.in पर जाना होगा. वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद लॉगिन करें और अपनी शैक्षिक तथा व्यक्तिगत जानकारी भरें. इसके बाद मांगे गए सभी दस्तावेज अपलोड करें.
फॉर्म भरने के बाद सभी जानकारी को एक बार अच्छे से जांच लें और फिर उसे सबमिट कर दें. अंत में आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी निकालकर अपने संस्थान में जमा करना होगा.
छात्रों के लिए बड़ी पहल
सरकार की यह पहल उन छात्रों के लिए बेहद अहम है, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे. इस कदम से बड़ी संख्या में जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी और उनकी पढ़ाई बिना रुकावट जारी रह पाएगी. यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर देने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- CM Yogi Kashi Visit: काशी में बजा शिक्षा का बिगुल, सीएम योगी ने 'स्कूल चलो अभियान' की शुरुआत की