LPG KYC Deadline: LPG कनेक्शन की e-KYC पूरी करने की आखिरी तारीख 16 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी गई है. लोगों को उम्मीद थी कि एक हफ्ते की अतिरिक्त समय सीमा मिलने से उन्हें राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है.
सर्वर डाउन रहने और तेल कंपनियों के ऐप व ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों के कारण e-KYC का काम काफी धीमा चल रहा है. इसके चलते LPG गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लग रही हैं. कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. इसके बाद भी उन्हें यह भरोसा नहीं है कि उनका e-KYC उसी दिन पूरा हो पाएगा.
तकनीकी दिक्कतों से बढ़ी परेशानी
डीलरों के प्रवक्ता बिजन बिहारी बिस्वास के मुताबिक, 15 अगस्त को सर्वर की समस्या काफी ज्यादा बढ़ गई थी. उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे तक सर्वर पूरी तरह बंद रहा. सर्वर बंद होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग e-KYC कराने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंचते रहे. इससे पहले से लंबित मामलों की संख्या और बढ़ गई.
23 अगस्त तक मिली है अतिरिक्त समय सीमा
16 अगस्त की पुरानी डेडलाइन को बढ़ाकर 23 अगस्त किए जाने के बाद उम्मीद थी कि लोगों को थोड़ा समय मिलेगा और एजेंसियों पर भी दबाव कम होगा. लेकिन डीलरों का कहना है कि तकनीकी परेशानियां अभी भी जारी हैं. सर्वर और ऑनलाइन सिस्टम में बार-बार समस्या आने की वजह से रोजाना सीमित संख्या में ही e-KYC पूरी हो पा रही है.
ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए अगले कुछ दिन भी परेशानी भरे रह सकते हैं. अगर तकनीकी समस्याएं जल्द ठीक नहीं हुईं, तो डेडलाइन बढ़ने के बावजूद गैस एजेंसियों पर भीड़ और लंबी कतारें बनी रह सकती हैं.
ये भी पढ़ें- Lakhisarai Temple Stampede: 'घायल जल्द स्वस्थ हों...', लखीसराय भगदड़ हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख