दिल्ली की सड़कों पर फर्राटा भरेंगी पर्पल इलेक्ट्रिक बसें, टूरिज्म को मिलेगा फायदा, जानें कितना होगा किराया

Delhi News: दिल्ली सरकार जल्द ही राजधानी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए एक खास और सुविधाजनक बस सेवा शुरू करने जा रही है. यह बैगनी रंग की इलेक्ट्रिक बसें पर्यटकों को शहर के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का आरामदायक भ्रमण कराएंगी.

Rekha Gupta Government to run purple electric buses for tourists in Delhi
Image Source: ANI

Delhi News: दिल्ली सरकार जल्द ही राजधानी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए एक खास और सुविधाजनक बस सेवा शुरू करने जा रही है. यह बैगनी रंग की इलेक्ट्रिक बसें पर्यटकों को शहर के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का आरामदायक भ्रमण कराएंगी. इस सेवा का उद्देश्य पर्यटकों को एक ही बस में राजधानी के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लेने का अनुभव देना है, जिससे उनकी यात्रा और भी सरल और यादगार बन सके.

पर्यटन स्थलों का समृद्ध रूट

बैगनी बस सेवा का रूट प्रधानमंत्री संग्रहालय से शुरू होकर इंडिया गेट, नया संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, कनॉट प्लेस, दिल्ली हाट और भारत मंडपम जैसे लोकप्रिय स्थलों तक जाएगा. इन बसों में सिग्नेचर ब्रिज और भारत मंडपम जैसे महत्वपूर्ण स्थलों के बारे में रोचक जानकारी डिजिटल रूप में प्रदर्शित की जाएगी. इससे पर्यटक न केवल देखेंगे, बल्कि उन स्थलों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को भी समझ सकेंगे.

टिकट और किराया व्यवस्था

पर्यटन विभाग के मुताबिक, इस टूरिस्ट बस का किराया वयस्कों के लिए 500 रुपये और 6 से 12 साल के बच्चों के लिए 300 रुपये होगा. टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आसानी से खरीदी जा सकेगी. सरकार का मकसद है कि पर्यटक बिना बार-बार वाहन बदलने की झंझट के, आराम से पूरे नई दिल्ली सर्किट की सैर कर सकें.

सेवा कब शुरू होगी?

पर्यटन विभाग ने बताया है कि यह सेवा इस माह के अंत तक शुरू कर दी जाएगी. शाम के समय विशेष ‘इवनिंग टूर’ का आयोजन भी होगा, जिसमें पर्यटक युद्ध स्मारक, नया संसद परिसर, दिल्ली हाट और अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे. इस पहल से पर्यटक राजधानी के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहलुओं का पूरा अनुभव ले पाएंगे.

पर्यावरण के अनुकूल और स्मार्ट टूरिज्म

बैगनी इलेक्ट्रिक बसें न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव देंगी, बल्कि दिल्ली के प्रदूषण नियंत्रण में भी मददगार साबित होंगी. यह सेवा राजधानी की ग्रीन टूरिज्म और स्मार्ट सिटी पहल का एक अहम हिस्सा है, जो पर्यटन को पर्यावरण के अनुकूल बनाते हुए आधुनिक तकनीकों से लैस है.

दिल्ली पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

इस नई बैगनी बस सेवा के माध्यम से दिल्ली सरकार का मकसद राजधानी की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ाना और पर्यटकों को सुरक्षित, आरामदायक व डिजिटल अनुभव प्रदान करना है. देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों के लिए यह सुविधा निश्चित रूप से यात्रा को और भी आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाएगी.

ये भी पढ़ें: बस एक आइडिया आपको बना सकता है लखपति! दिल्ली में प्रदूषण घटाने के लिए शुरू हुआ इनोवेशन चैलेंज अभियान