Kartik Aaryan With Johnny Depp: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी बहन की शादी और आने वाली फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. अब एक बार फिर वह चर्चा में हैं, इस बार सऊदी अरब के जेद्दाह में आयोजित रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में उनकी शानदार मौजूदगी को लेकर. दुनियाभर के नामचीन कलाकारों की मौजूदगी वाले इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल में कार्तिक ने रेड कार्पेट पर खूब ग्लैमर बिखेरा और कई ग्लोबल स्टार्स से मुलाकात की.
फेस्टिवल में कार्तिक आर्यन की मुलाकात हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जॉनी डेप से हुई, और यही पल सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया. कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर दोनों की एक तस्वीर साझा की जिसमें जॉनी डेप उनके कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं.
'जैक स्पैरो x रूह बाबा' वायरल
कैप्शन में कार्तिक ने लिखा, “Pirates of the Red Sea-Jack Sparrow × Rooh Baba.” यह कैप्शन उनकी फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ में निभाए ‘रूह बाबा’ वाले किरदार से जुड़ा मज़ाकिया संदर्भ था. तस्वीर सामने आते ही कार्तिक के फैंस बेहद उत्साहित नजर आए और सोशल मीडिया पर यह पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गया.
फेस्टिवल में दमदार लुक में नजर आए कार्तिक
कार्यक्रम के दौरान कार्तिक ने एक स्टाइलिश लुक अपनाया. उन्होंने डार्क ब्लू ट्राउज़र, हल्की लाइनों वाली शर्ट और बेज रंग का कोट पहना, जिससे उनका फॉर्मल लेकिन मॉडर्न लुक पूरी तरह निखर कर सामने आया.
इस दौरान बॉलीवुड से ऐश्वर्या राय बच्चन और कृति सेनन जैसी अभिनेत्रियाँ भी फेस्टिवल का हिस्सा बनीं, लेकिन कार्तिक की जॉनी डेप से मुलाकात ने भारतीय फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी.
कार्तिक आर्यन का व्यस्त वर्कफ्रंट,एक के बाद एक बड़ी फिल्में
कार्तिक की अगले महीने रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में उनके साथ अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में होंगी. फिल्म को युवा दर्शकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है और इसकी रिलीज को लेकर काफी buzz है.
कार्तिक अनुराग बसु की आने वाली एक म्यूजिकल फिल्म में भी काम कर रहे हैं, जिसके पहले लुक ने फरवरी 2025 में लोगों का ध्यान खींचा था. यह फिल्म उनके करियर में एक अलग रंग भरने वाली मानी जा रही है.
'भूल भुलैया 3' की सफलता के बाद बढ़ी अपेक्षाएँ
2025 में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 3’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, जिससे कार्तिक एक बार फिर युवा दर्शकों के फेवरेट स्टार्स में शामिल हो गए. इस फिल्म ने न सिर्फ शानदार कलेक्शन किया, बल्कि ‘रूह बाबा’ के रूप में उनकी लोकप्रियता को और मजबूत किया. इसके अलावा कार्तिक एक और बड़ी फिल्म ‘नागजिला’ में नजर आएंगे, जिसकी शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन तेजी से जारी है.
यह भी पढ़ें- रूसी डिफेंस मिनिस्ट्री का "Antaeus" प्लेन क्रैश, 7 लोग थे सवार; जानें ये विमान क्यों है खास