Bihar Doctor Vacancy: बिहार में 450 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगी सरकारी नौकरी

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है. स्टेट हेल्थ सोसाइटी बिहार ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के 450 पदों पर भर्ती निकाली है.

Recruitment of 450 specialist doctors in Bihar government jobs without an exam
Image Source: Social Media

Bihar Doctor Recruitment: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है. स्टेट हेल्थ सोसाइटी बिहार ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के 450 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा. चयन सीधे मेरिट के आधार पर किया जाएगा.

योग्य डॉक्टर 7 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2026 शाम 6 बजे तक है.

450 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती के तहत अलग-अलग मेडिकल विभागों में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी. इनमें एनेस्थेटिस्ट के 132 पद, पीडियाट्रिशियन के 115 पद, गायनकोलॉजिस्ट के 94 पद, एमडी मेडिसिन या फिजिशियन के 60 पद, जनरल सर्जन के 27 पद और ऑर्थोपेडिक सर्जन के 22 पद शामिल हैं.

आवेदन प्रक्रिया 7 अगस्त को सुबह 10 बजे शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 21 अगस्त को शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती के लिए उम्र और योग्यता की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी.

कौन कर सकता है आवेदन?

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ संबंधित मेडिकल विषय में एमडी, एमएस, डीएनबी या डिप्लोमा होना जरूरी है.

उम्मीदवार का बिहार मेडिकल काउंसिल या राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग में पंजीकरण भी होना चाहिए. आवेदन के लिए न्यूनतम उम्र 21 साल रखी गई है.

अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 37 साल है. पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 40 साल रखी गई है. वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार 42 साल तक आवेदन कर सकते हैं.

मेरिट के आधार पर होगा चयन

इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन 100 अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा. एमबीबीएस में मिले अंकों के लिए अधिकतम 60 अंक और पीजी डिग्री के लिए 40 अंक दिए जाएंगे. वहीं, पीजी डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवारों के लिए 30 अंक निर्धारित हैं.

मेरिट के आधार पर चयन होने के बाद उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसके बाद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होगी.

90 हजार से 1.20 लाख रुपये तक वेतन

चयनित डॉक्टरों को पद और तैनाती के हिसाब से हर महीने 90 हजार रुपये से लेकर 1.20 लाख रुपये तक वेतन मिल सकता है. यानी सरकारी नौकरी के साथ डॉक्टरों को अच्छी सैलरी पाने का भी मौका मिलेगा.

ऐसे करें आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को स्टेट हेल्थ सोसाइटी बिहार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहां मानव संसाधन से जुड़े विभाग में जाकर विज्ञापन संख्या 03/2026 को चुनना होगा.

इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी. उम्मीदवार अपनी पसंद के तीन जिलों को प्राथमिकता के तौर पर चुन सकते हैं. फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद फॉर्म जमा करना होगा. आवेदन पूरा होने के बाद उसके प्रिंटआउट को भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- ड्रोन, मिसाइल से फाइटर जेट तक... एडवांस्ड हथियारों से लैस होगी भारतीय सेना, हाइब्रिड वॉर की तैयारी तेज