राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार रात तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. पड़ाना के पास झिरी नाले में तेज पानी के बहाव के बीच यात्रियों से भरी ईको कार बह गई. कार में देवास जिले के सतवास इलाके के 11 लोग सवार थे. हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है.
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. लगातार बारिश और नाले में तेज बहाव के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी आई.
तेज बहाव के बीच कार निकालने की कोशिश
बताया जा रहा है कि राजगढ़ में सोमवार रात से ही तेज बारिश हो रही थी. पड़ाना बायपास पुलिया के पास झिरी नाले में बारिश के कारण पानी काफी तेज बह रहा था.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ईको कार के चालक को पानी के बीच से वाहन ले जाने से मना किया था. ग्रामीणों ने उसे रोकने की भी कोशिश की, लेकिन चालक ने कार को आगे बढ़ा दिया.
कुछ ही देर में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि कार अपना संतुलन खो बैठी और नाले में बह गई.
ग्रामीणों ने रस्सियों से शुरू किया बचाव अभियान
कार के नाले में बहते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. तेज बहाव के बावजूद ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से बचाव का काम शुरू किया. इस दौरान कार में सवार दो लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
हालांकि, बाकी यात्री पानी के तेज बहाव में बह गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
9 शव बरामद, 2 लोगों की बची जान
प्रशासन के मुताबिक, कार में कुल 11 लोग सवार थे. रेस्क्यू टीम ने अब तक 9 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि 2 लोगों को बचा लिया गया है. ईको कार को भी नाले से बाहर निकाल लिया गया है.
बारिश और तेज बहाव के कारण बचाव टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. नाले और उसके आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया.
चालक के फैसले पर उठ रहे सवाल
हादसे के बाद कार चालक के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पानी के तेज बहाव को देखते हुए चालक को आगे जाने से रोका था. इसके बावजूद उसने कार को नाले के पानी के बीच से निकालने की कोशिश की.
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है.
लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर
राजगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी और नाले उफान पर हैं. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से पानी के तेज बहाव वाले रास्तों, नालों और पुल-पुलियाओं को पार नहीं करने की अपील की है.
सारंगपुर एसडीएम रोहित बमौरे ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कराया गया था. उन्होंने बताया कि कार में 11 लोग सवार थे, जिनमें से 9 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और 2 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें- ड्रोन, मिसाइल से फाइटर जेट तक... एडवांस्ड हथियारों से लैस होगी भारतीय सेना, हाइब्रिड वॉर की तैयारी तेज