Sirohi Road Accident: राजस्थान के सिरोही जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया. रेवदर क्षेत्र में कांडला हाईवे पर होलागरा के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. अनादरा थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल अनादरा अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है. वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
तीन लोगों की मौत से पसरा मातम
पुलिस के मुताबिक, कार और बाइक के बीच टक्कर बेहद जोरदार थी. हादसे में दो युवकों और एक बच्चे की मौत की जानकारी सामने आई है. दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस तेज रफ्तार, लापरवाही समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए सवार
हादसे के बाद कार सवार वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर उसके मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टक्कर के बाद कार सवार मौके से क्यों भागे. उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
युवक और महिला की हालत गंभीर
हादसे में घायल युवक और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों का अनादरा अस्पताल में उपचार चल रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकता है. दूसरी ओर, पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके परिजनों को घटना की जानकारी देने की प्रक्रिया में जुटी है.
पुलिस खंगाल रही हादसे की पूरी कड़ी
अनादरा थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों, कार की रफ्तार और टक्कर के कारणों का पता लगाने के साथ फरार कार सवारों की तलाश कर रही है. हादसे में तीन लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: भाई को बचाने कुंड में कूद गईं तीन बहनें, डूबने से चारों की मौत; धौलपुर में दिल दहलाने वाला हादसा