जैसलमेर में बड़ा हादसा! 15 बच्चों से भरी स्कूल बस बनी आग का गोला, मचा हड़कंप

राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को लेने जा रही एक स्कूल बस अचानक आग की लपटों से घिर गई.

RAJASTHAN jaisalmer-school-bus-fire-15-children-safe-rescue
Image Source: Social Media

राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को लेने जा रही एक स्कूल बस अचानक आग की लपटों से घिर गई. सदर थाना क्षेत्र के धऊवा गांव के पास हुए इस हादसे के दौरान बस में करीब 15 बच्चे सवार थे. आग तेजी से फैलने के बावजूद स्थानीय लोगों और बस में मौजूद लोगों की तत्परता से सभी बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

बच्चों को लेने जा रही थी बस

पुलिस के अनुसार, स्कूल बस सुबह जैसलमेर से ग्रामीण इलाकों की ओर बच्चों को लेने के लिए निकली थी. धऊवा गांव के पास अचानक बस में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने का पता चलते ही बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई और सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया.

देखते ही देखते आग का गोला बनी बस

बस में लगी आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया. घटनास्थल से सामने आए वीडियो में बस से ऊंची लपटें उठती और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है. आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल के पहुंचने तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था और बाद में वह पूरी तरह खाक हो गई.

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

आग की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. इसके बाद नगर परिषद की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. समय पर राहत कार्य शुरू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित बच गए.

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस ने बताया कि फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस स्थानीय लोगों के साथ बस चालक से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग बस के किस हिस्से से शुरू हुई और इसके पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य वजह.

बड़ा हादसा टला, जांच जारी

जैसलमेर में स्कूल बस के आग का गोला बनने की इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि इस हादसे में किसी बच्चे के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन बस के पूरी तरह जल जाने से घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी.

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के सातारा में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर कार और ट्रक की टक्कर, चार लोगों की मौत