Satara Road Accident: महाराष्ट्र के सातारा जिले में मंगलवार तड़के पुणे-सातारा हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया. शिरवल के पास तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे आयशर ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शिरवल में आधी रात के बाद हुआ हादसा
यह दुर्घटना मंगलवार तड़के करीब 1:15 बजे शिरवल में होटल शिवालय के सामने हुई. बताया जा रहा है कि कार सातारा की दिशा में जा रही थी. इसी दौरान कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रहे आयशर ट्रक से जा भिड़ी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों की पहचान वेदांत वारिंगे, सोनलिंग ठाकूर, आदित्य गरुड़ और निखिल राऊत के तौर पर हुई है. चारों मावल और तलेगांव दाभाड़े क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
टक्कर में कार के उड़े परखच्चे, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना के कारण पुणे-सातारा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और जाम खुलवाया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.
राजगढ़ हादसे में एक परिवार के 9 सदस्यों की मौत
उधर, मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुए एक अन्य भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया. दुर्घटना में जान गंवाने वाले परिवार के नौ सदस्यों के शव देर रात सतवास पहुंचाए गए. सभी शवों को सतवास के शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है. शवों के गांव पहुंचते ही धांसड़ समेत आसपास के पूरे इलाके में मातम पसर गया. एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें: पहले दो बेटियों को फांसी पर लटकाया, फिर पिता ने भी खौफनाक कदम उठाया... बेंगलुरु में दिल दहलाने वाला कांड