68 गेंदों में 181 रन, प्रियांश आर्य ने तोड़ा क्रिस गेल का महारिकॉर्ड, 19 छक्कों से मचाई तबाही

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों प्रियांश आर्य का बल्ला जमकर बोल रहा है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में दिल्ली के इस 25 वर्षीय बल्लेबाज ने तमिलनाडु के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली कि टी20 क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड टूट गए. प्रियांश ने महज 68 गेंदों पर 181 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 19 छक्के और कई शानदार चौके शामिल रहे.

priyansh-arya-181-runs-breaks-chris-gayle-t20-record
Image Source: Internet

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों प्रियांश आर्य का बल्ला जमकर बोल रहा है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में दिल्ली के इस 25 वर्षीय बल्लेबाज ने तमिलनाडु के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली कि टी20 क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड टूट गए. प्रियांश ने महज 68 गेंदों पर 181 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 19 छक्के और कई शानदार चौके शामिल रहे. आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स के इस रिटेन खिलाड़ी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दूसरी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है.

प्रियांश ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि 36 गेंदों पर शतक जड़ दिया. शतक के बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा और उन्होंने अगले 50 रन महज 24 गेंदों में बना डाले. उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

क्रिस गेल का 175 रन वाला रिकॉर्ड टूटा

प्रियांश आर्य की 181 रन की पारी पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई है. इस सूची में उनसे आगे अब सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के लुआन-द्रे प्रिटोरियस हैं, जिन्होंने पिछले महीने नाबाद 188 रन बनाए थे. इस धमाकेदार पारी के साथ प्रियांश ने क्रिस गेल का 175 रन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. गेल ने करीब 13 साल तक पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अपने नाम रखा था. अब प्रियांश ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

किरण नवगिरे का भारतीय रिकॉर्ड भी किया अपने नाम

प्रियांश ने भारतीय क्रिकेट में टी20 की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर किरण नवगिरे के नाम था. उन्होंने 2021 में महिला सीनियर टी20 ट्रॉफी में 76 गेंदों पर 162 रन बनाए थे.

प्रियांश ने 181 रन बनाकर नवगिरे के इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. इस तरह पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर किसी भारतीय बल्लेबाज का टी20 में यह सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है.

 

19 छक्के जड़कर फिन एलन की बराबरी

तमिलनाडु के खिलाफ अपनी पारी में प्रियांश ने 19 छक्के लगाए. इसके साथ ही उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. न्यूजीलैंड के फिन एलन भी एक टी20 पारी में 19 छक्के लगा चुके हैं. प्रियांश की इस पारी ने साबित कर दिया कि उनमें सिर्फ तेज रन बनाने ही नहीं, बल्कि बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने की भी क्षमता है.

पंजाब किंग्स ने की तारीफ, IPL 2027 के लिए किया रिटेन

प्रियांश की तूफानी बल्लेबाजी के बाद उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने भी उनकी तारीफ की. टीम ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रियांश पाजी ने मैदान पर पूरी तबाही मचा दी!'

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले प्रियांश को रिटेन किया है. फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2025 में उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के मुकाबले 3.8 करोड़ रुपये में खरीदा था. अपने पहले ही सीजन में प्रियांश ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर उन्होंने कई मुकाबलों में पंजाब को तेज शुरुआत दिलाई.

आईपीएल 2025 में प्रियांश ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ महज 39 गेंदों में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं. यह आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से छठा सबसे तेज शतक है. उस सीजन में उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए थे. अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 181 रन की पारी खेलकर उन्होंने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की है.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी सबसे आगे

प्रियांश आर्य सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में रनों के मामले में भी शीर्ष पर पहुंच गए हैं. उन्होंने अब तक 6 मैचों की 6 पारियों में 362 रन बनाए हैं. उनका औसत 60.33 और स्ट्राइक रेट 204.51 है. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं. उनके नाम 29 छक्के और 21 चौके दर्ज हैं. ये आंकड़े बताते हैं कि प्रियांश सिर्फ एक बड़ी पारी के दम पर चर्चा में नहीं आए हैं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में लगातार गेंदबाजों पर हावी रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'अब इसकी क्या जरूरत?', टेस्ट मैच ड्रॉ होने से भड़के शुभमन गिल! ICC के 6 साल पुराने नियम पर उठाए सवाल