G20 में पहुंचे राष्ट्रपति लूला, ब्राजील में हो गई ट्रंप के करीबी की गिरफ्तारी; जानें क्या है पूरा मामला

Bolsonaro Arrested: ब्राज़ील की राजनीति में शनिवार की सुबह उस समय बड़ी हलचल मच गई जब देश के पूर्व राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो को फेडरल पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उनकी गिरफ्तारी की जानकारी उनके वकील सेल्सो विलार्डी ने पुष्टि करते हुए दी, हालांकि इस कदम की वजह अभी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई.

President Lula reached G20 Trump close aide jair bolsonaro arrested in Brazil
Image Source: Social Media

Bolsonaro Arrested: ब्राज़ील की राजनीति में शनिवार की सुबह उस समय बड़ी हलचल मच गई जब देश के पूर्व राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो को फेडरल पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उनकी गिरफ्तारी की जानकारी उनके वकील सेल्सो विलार्डी ने पुष्टि करते हुए दी, हालांकि इस कदम की वजह अभी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई. बोलसोनारो बीते कई महीनों से सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए हाउस-अरेस्ट के आदेश के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे.

बोलसोनारो को ब्राज़ील की राजधानी ब्राज़ीलिया में हिरासत में लिया गया, जहां उन्हें पुलिस द्वारा नियमित इनटेक मेडिकल टेस्ट से गुजरना पड़ा. शुरुआती जानकारी के अनुसार यह गिरफ्तारी एक ‘प्रिवेंटिव एक्शन’ के रूप में की गई है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह हाउस-अरेस्ट की शर्तों का फिर उल्लंघन न करें. उन्हें पिछले कुछ महीनों में कई बार राजनीतिक समर्थकों के संपर्क में देखा गया था, जिसे जांच एजेंसियों ने शर्तों का संभावित उल्लंघन माना था.

27 साल से अधिक की सजा, मगर अंतिम निर्णय अभी लंबित

सितंबर में ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट ने बोलसोनारो के खिलाफ ऐतिहासिक फैसला सुनाया था, जिसमें उन्हें 27 साल 3 महीने की कैद की सजा दी गई थी. जांच में यह पाया गया था कि 2022 के चुनाव में हार के बाद उन्होंने सत्ता से चिपके रहने के लिए कथित रूप से एक तख्तापलट की योजना बनाई.

आरोप है कि उन्होंने समर्थकों और कुछ सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर 2023 में निर्वाचित राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के शपथ ग्रहण को रोकने की कोशिश की थी. हालांकि यह सजा अब भी अंतिम रूप नहीं ले सकी है, क्योंकि बोलसोनारो की अपील प्रक्रियाधीन है और सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी का अंतिम आदेश अभी जारी नहीं किया है.

100 दिनों से कड़े हाउस-अरेस्ट में, अमेरिका से मदद लेने का आरोप

बोलसोनारो पिछले तीन महीने से अधिक समय से एक अलग मामले में हाउस-अरेस्ट में थे. उस मामले में आरोप था कि उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क कर अपने खिलाफ चल रही आपराधिक जांच को रोकने की कोशिश की.

हाउस-अरेस्ट के दौरान उनके सोशल मीडिया उपयोग पर भी रोक लगाई गई थी, लेकिन राजनीतिक सहयोगियों को उनसे मिलने की अनुमति थी. इस अवधि में उनके निवास स्थान पर कई राजनीतिक बैठकों के आयोजन की रिपोर्टें भी सामने आईं.

ट्रंप के साथ करीबी संबंध, अमेरिकी राजनीति में भी गूंजी गूंज

जैर बोलसोनारो को कई विश्लेषक “ट्रंप ऑफ द ट्रॉपिक्स” यानी “दक्षिण का ट्रंप” कहते हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कई मौकों पर उनके लिए खुलकर समर्थन जताते रहे हैं. बोलसोनारो के खिलाफ कार्रवाई को ट्रंप ने ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार दिया था. उन्होंने ब्राज़ील के जस्टिस अलेक्ज़ेंड्रे मोराएस, जो बोलसोनारो के खिलाफ जांच का नेतृत्व कर रहे हैं, पर प्रतिबंध भी लगाए थे. इसके अलावा ब्राज़ील से आने वाले कुछ सामानों पर 50% टैरिफ लागू किया गया था, जिसे हाल ही में वे चरणबद्ध तरीके से हटाने लगे हैं.

स्वास्थ्य आधार पर घर में सजा काटने की मांग

बोलसोनारो की कानूनी टीम अब सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध करेगी कि उनकी उम्र और स्वास्थ्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें घर पर ही सजा पूरी करने की अनुमति दी जाए. याद रहे कि 2018 के चुनाव अभियान के दौरान उन पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद उनकी कई बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं. उनका दावा है कि उसी घटना के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार कमजोर हुई है.

2030 तक चुनाव लड़ने पर रोक, राजनीतिक भविष्य धुंधला

ब्राज़ील की चुनावी अदालत पहले ही बोलसोनारो को 2030 तक किसी भी चुनावी पद के लिए अयोग्य घोषित कर चुकी है. अदालत ने यह माना था कि 2022 के चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने अपनी संवैधानिक शक्तियों का दुरुपयोग कर विपक्ष और चुनावी प्रक्रिया पर अविश्वास फैलाया. इस फैसले ने उनके राजनीतिक भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, और अब ताजा गिरफ्तारी ने उनकी मुश्किलों को और गहरा कर दिया है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान के पर्यटन को लगेंगे पंख, जयपुर में विकसित होगी एरो सिटी, बनेंगे 5 और 7 स्टार वाले 19 होटल्स