प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर से 23 नवंबर तक साउथ अफ्रीका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे. इस दौरान वे जोहान्सबर्ग में आयोजित होने वाले 20वें G20 शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस कार्यक्रम की मेजबानी इस बार साउथ अफ्रीका कर रहा है. विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सम्मेलन के दौरान निर्धारित तीनों प्रमुख सत्रों में शामिल होकर वैश्विक मुद्दों पर भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे.
द्विपक्षीय मुलाकातों का व्यस्त कार्यक्रम
G20 मीटिंग के इतर प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों से मुलाकातें भी तय हैं. इन मुलाकातों में वैश्विक अर्थव्यवस्था, आपसी निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री इंडिया–ब्राज़ील–साउथ अफ्रीका (IBSA) देशों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे. यह समूह दक्षिण-दक्षिण सहयोग को बढ़ावा देता है और विकासशील देशों की आवाज़ को वैश्विक मंच पर मजबूत बनाने के लिए काम करता है.
G20 सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस वर्ष के G20 सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने दावा किया कि साउथ अफ्रीका में “मानवाधिकार उल्लंघन” हो रहे हैं और विशेष रूप से “श्वेत किसानों पर अत्याचार” किए जाने की बात कही. सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि इन आरोपों को ध्यान में रखते हुए कोई अमेरिकी अधिकारी भी सम्मेलन में नहीं जाएगा.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी सम्मेलन में न जाने की घोषणा कर दी. साउथ अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त अनिल सूकलाल ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि G20 इतना बड़ा और महत्वपूर्ण मंच बन चुका है कि किसी एक देश की अनुपस्थिति से इसकी प्रक्रिया प्रभावित नहीं होती.
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने सुरक्षा कारणों से दौरा टाला
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनूबू ने भी अपनी साउथ अफ्रीका यात्रा और G20 समिट में शामिल होने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है. यह फैसला नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम इलाके में हुई दो गंभीर घटनाओं के बाद लिया गया- गर्ल्स कॉम्प्रिहेंसिव सेकेंडरी स्कूल, मैगा में हथियारबंद हमलावरों द्वारा 24 छात्राओं का अपहरण
रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार तड़के हमलावर स्कूल की सुरक्षा दीवार फांदकर हॉस्टल परिसर में घुसे, पुलिस से भिड़े और कई छात्राओं को जबरन ले गए. एक स्टाफ सदस्य की हत्या भी कर दी गई. अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. सुरक्षा स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, और अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वे बाद में सम्मेलन में हिस्सा लेंगे या नहीं.
G20 क्या है?
G20 यानी ग्रुप ऑफ ट्वेंटी, दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समूह है. इसमें शामिल सदस्य हैं- यूरोपीय यूनियन, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका.
ये भी पढ़ें- ब्रिटेन ने रूस पर कड़ा प्रहार, स्कॉटलैंड के पास सक्रिय रूसी जासूसी जहाज पर तीखी चेतावनी