प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार से देश को संबोधित करते हुए कई अहम बातें कहीं. इस दौरान उन्होंने भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक विकास और महिलाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर जनसभा को संबोधित किया.
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान से आने वाले आतंकियों को करारा जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कर उनके अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब बदल चुका है और नया भारत अब न तो किसी धमकी से डरता है और न ही चुप बैठता है, बल्कि आतंक के खिलाफ सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटता. उन्होंने एक ताजा उदाहरण देते हुए कहा, "कल ही आपने देखा होगा कि एक पाकिस्तानी आतंकी रो-रोकर दुनिया को बता रहा था कि भारत कैसे पल भर में कार्रवाई करता है."
परमाणु धमकी पर सख्त जवाब
पाकिस्तान की परमाणु हमले की धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने दो टूक कहा यह नया भारत है, ये परमाणु धमकियों से डरता नहीं है. अब भारत घर में घुसकर जवाब देता है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा.
ऐतिहासिक संदर्भ: सरदार पटेल और हैदराबाद मुक्ति
17 सितंबर का ऐतिहासिक महत्व बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यही वो दिन है जब सरदार वल्लभभाई पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते हैदराबाद को भारतीय गणराज्य में शामिल किया गया था. हैदराबाद को रियासतों की गुलामी से आजाद कराकर भारतीय सेना ने देश का गौरव बढ़ाया था. दशकों तक इस ऐतिहासिक घटना को भुला दिया गया, लेकिन आज हमारी सरकार ने इसे सम्मान देने का काम किया है.
औद्योगिक विकास की नई शुरुआत: टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने धार जिले में देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क की नींव रखी. उन्होंने कहा कि यह टेक्सटाइल पार्क भारत के बुनकरों और किसानों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आएगा. यह सिर्फ धार के लिए नहीं, पूरे देश के लिए एक बड़ा औद्योगिक कदम है. इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा और कपड़ा उद्योग को नई दिशा मिलेगी.
नारी शक्ति को समर्पित आयोजन
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महिलाओं की भूमिका और सशक्तिकरण पर खास जोर दिया. उन्होंने कहा आज का यह कार्यक्रम माताओं-बहनों को समर्पित है. हम केवल टेक्नोलॉजी और टेक्सटाइल की बात नहीं कर रहे, हम उस शक्ति की बात कर रहे हैं जो भारत की आत्मा है हमारी नारी शक्ति.
यह भी पढ़ें: RSS प्रचारक से तीन बार देश के प्रधानमंत्री बनने तक... PM Modi की कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं