IPL 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया खत्म हो चुकी है और इस बार रिकॉर्ड 1355 खिलाड़ियों ने अपना नाम नीलामी के लिए भेजा है. रजिस्ट्रेशन विंडो 30 नवंबर को बंद हुई. अब 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली मिनी नीलामी के लिए तैयारी शुरू हो गई है. इस बार कुल 77 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 31 विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह होगी.
सबसे चर्चित लिस्ट वह रही, जिसमें 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस वाले 45 खिलाड़ियों के नाम घोषित हुए. इस ब्रैकेट में कई बड़े विदेशी और भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं.
इस कैटेगरी में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन, इंग्लैंड के लियम लिविंगस्टन, श्रीलंका के मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, भारत के रवि बिश्नोई और वेंकटेश अय्यर जैसी बड़ी हस्तियाँ मौजूद हैं.
कैमरन ग्रीन पर टीमों की टॉप नजर
इस ऑक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन रहने की उम्मीद है. पिछले साल बैक इंजरी के कारण वे मेगा ऑक्शन में नहीं उतरे थे, लेकिन इस बार वे फिट हैं और उन पर KKR और CSK दोनों टीमें आक्रामक बोली लगा सकती हैं.
KKR के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के रिटायर होने के बाद टीम की नजर एक मजबूत पावर-हिटर ऑलराउंडर पर है और ग्रीन इस भूमिका के परफेक्ट विकल्प माने जा रहे हैं. वहीं CSK के पास भी बड़ा पर्स और विदेशी स्लॉट खाली है.
टीमों ने इन खिलाड़ियों को रिलीज किया
कई बड़े नाम, जिन्हें फ्रेंचाइजियों ने हाल ही में रिलीज किया, वे भी अब शीर्ष कैटेगरी में नीलामी में आए हैं.
ग्लेन मैक्सवेल इस बार नीलामी में नहीं
ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल इस बार 2 करोड़ की लिस्ट में शामिल नहीं हैं. पंजाब किंग्स ने उन्हें पिछले सीजन 4.2 करोड़ में खरीदा था, लेकिन उंगली की चोट के कारण वे पूरा IPL 2026 नहीं खेल सकेंगे. इसलिए उन्होंने नीलामी में नाम नहीं दिया.
जोश इंग्लिस पूरे सीजन उपलब्ध नहीं
PBKS के विकेटकीपर जोश इंग्लिस भी नीलामी लिस्ट में हैं, लेकिन IPL ने फ्रेंचाइजियों को बता दिया है कि इंग्लिस सिर्फ 25% IPL सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे. यह उनकी बोली को प्रभावित कर सकता है.
5 दिसंबर तक भेजनी है शॉर्टलिस्ट
IPL ने सभी फ्रेंचाइजियों को निर्देश दिया है कि वे 5 दिसंबर तक अपनी पसंद की शॉर्टलिस्ट भेज दें. इसके बाद खिलाड़ियों की लंबी सूची को छोटा करके अंतिम नीलामी सूची जारी की जाएगी.
कौन-कौन शामिल हैं 2 करोड़ बेस प्राइस में?
यह सूची काफी लंबी है, जिसमें शामिल हैं— रवि बिश्नोई, वेंकटेश अय्यर, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस, स्टीव स्मिथ, लियम लिविंगस्टन, मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, डेरिल मिशेल, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, रिले रूसोउ, जेसन होल्डर, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ और अन्य.
ये भी पढ़ें- इन ऐप्स को डाउनलोड करने से पहले हो जाएं सावधान, खाली हो सकता है बैंक अकाउंट! Google ने दी चेतावनी