Palghar Road Accident: महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बारातियों से भरे आयशर ट्रक की सामने चल रहे कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए. यह घटना इलाके में हड़कंप मचा गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
घटना स्थल और हादसे की जानकारी
हादसा धानिवरी गांव के पास हुआ. ट्रक में लगभग 100 लोग सवार थे जो शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर ट्रक ने सामने चल रहे कंटेनर से टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और कई लोग वाहन के नीचे और अंदर फंस गए. घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े.
राहत और बचाव कार्य
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायल लोगों को बाहर निकालकर कासा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है.
हादसे के कारणों की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक में क्षमता से अधिक लोग सवार थे. पुलिस तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या तकनीकी कारणों की जांच कर रही है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता देने का आश्वासन दिया.
ये भी पढ़ें: सिंधु जल संधि पर भारत का लहजा सख्त, इंटरनेशनल कोर्ट के फैसले को किया खारिज; पाक को दी चेतावनी