दो हमले, 25 सैनिक की मौत... शहबाज-मुनीर के हाथ से गया बलूचिस्तान? BLA के लड़ाकों ने किया नाक में दम

BLA Attack Pakistan Army: बलूचिस्तान में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर एक बार फिर हमला किया है. बलूचिस्तान में दो अलग-अलग जगहों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया. ये हमले जियारत क्रॉस और सुराब के हाजिका इलाके में हुए.

Pakistan Balochistan slipping out Shahbaz Munir hands BLA fighters
Image Source: Social Media

BLA Attack Pakistan Army: बलूचिस्तान में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर एक बार फिर हमला किया है. बलूचिस्तान में दो अलग-अलग जगहों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया. ये हमले जियारत क्रॉस और सुराब के हाजिका इलाके में हुए.

बीएलए ने दोनों हमलों में पाकिस्तान के कुल 25 सुरक्षाकर्मियों को मारने का दावा किया है. संगठन का कहना है कि उसने पाकिस्तानी सेना के काफिले और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया. लगातार हो रहे ऐसे हमले पाकिस्तान की सेना और उसके प्रमुख असीम मुनीर के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं.

बीएलए के मुताबिक, जियारत क्रॉस के आसपास एक हफ्ते के अंदर यह तीसरा बड़ा हमला है. संगठन ने हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में भी पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उसके हमले जारी रहेंगे.

जियारत क्रॉस पर 18 जवानों को मारने का दावा

बीएलए ने गुरुवार को जारी अपने बयान में दावा किया कि उसके लड़ाकों ने जियारत क्रॉस के पास पाकिस्तानी सेना के काफिले की चार गाड़ियों को निशाना बनाया. इनमें सैन्य ट्रक भी शामिल था. संगठन का कहना है कि हमले में दो गाड़ियां पूरी तरह नष्ट हो गईं. बीएलए ने दावा किया कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना के 18 जवान मारे गए, जबकि पांच जवान घायल होने के बावजूद वहां से निकलने में कामयाब रहे.

संगठन के मुताबिक, जियारत क्रॉस पर हमला उसके फतह स्क्वाड ने किया. बीएलए ने यह भी दावा किया कि हमले के बाद उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के कुछ हथियार अपने कब्जे में ले लिए.

वहीं सुराब में हुए एक अलग हमले में सात सुरक्षाकर्मियों को मारने का दावा किया गया है. बीएलए के अनुसार, यहां उसके स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशन्स स्क्वाड ने रिमोट से विस्फोट किया. इसके लिए विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी का इस्तेमाल किया गया.

हमलों के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू

बीएलए के हमलों के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. सुरक्षाबल हमलों में शामिल लोगों की तलाश कर रहे हैं और आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है.

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ जगहों पर सुरक्षाबलों और संदिग्ध लोगों के बीच गोलीबारी भी हुई है. सुरक्षा बल हमलों के पीछे मौजूद लोगों और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

बीएलए लंबे समय से बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों को निशाना बनाता रहा है. संगठन पाकिस्तानी सेना को कब्जा करने वाली ताकत बताता है. बीएलए का कहना है कि वह बलूचिस्तान से पाकिस्तानी सेना को हटाने के लिए अपना सशस्त्र अभियान जारी रखेगा.

बलूचिस्तान में लंबे समय से जारी है अशांति

बलूचिस्तान में अलगाववादी आंदोलन और हिंसा का लंबा इतिहास रहा है. क्षेत्रफल के हिसाब से यह पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, लेकिन यहां आजादी के बाद से ही राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा देखने को मिलती रही है.

कई अलगाववादी संगठन और सशस्त्र गुट लंबे समय से पाकिस्तान की सरकार और सेना के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं. इन संगठनों का आरोप है कि बलूचिस्तान के लोगों के अधिकारों और संसाधनों को लेकर उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जाता रहा है. इसी वजह से इलाके में तनाव और हिंसा लगातार बनी हुई है. बीएलए के ताजा हमले भी इसी लंबे संघर्ष की कड़ी माने जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की चाल नाकाम! बडगाम में सेना का बड़ा ऑपरेशन, एक आंतकी ढेर, इलाके में तलाश जारी