जमीन के बाद समंदर में भी पाकिस्तान पर हमला, BLA ने कोस्ट गार्ड्स को बनाया निशाना, 4 की मौत का दावा

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमलों का सिलसिला जारी है. अब अरब सागर में जिवानी तट के पास पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स की एक नाव पर गोलीबारी की घटना सामने आई है.

Pakistan attacked at sea too BLA targeted Coast Guard personnels
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

BLA Attack On Coast Guard: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमलों का सिलसिला जारी है. अब अरब सागर में जिवानी तट के पास पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स की एक नाव पर गोलीबारी की घटना सामने आई है. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए चार जवानों को मारने का दावा किया है. हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने इस दावे को खारिज किया है. उनका कहना है कि गोलीबारी में कुछ जवान घायल हुए हैं, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई.

कैसे शुरू हुई गोलीबारी?

यह घटना पाकिस्तान के ग्वादर जिले में जिवानी तट के पास समुद्री इलाके में हुई. सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स की टीम तस्करी रोकने के लिए नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान जवानों ने शक के आधार पर कुछ नावों को रोकने की कोशिश की, तभी उन पर भारी गोलीबारी शुरू हो गई.

कोस्ट गार्ड्स के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की. दोनों ओर से गोलीबारी के बाद हमलावर तट की तरफ भाग गए. पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में कुछ हमलावर भी घायल हुए हैं. हालांकि, उनकी संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

BLA ने किया चार जवानों को मारने का दावा

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के चार जवानों को मार गिराया. वहीं, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस घटना में कुछ जवान घायल हुए हैं और किसी की मौत नहीं हुई है. फिलहाल, दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं.

जिवानी तट पर बढ़ाई गई सुरक्षा

सुरक्षा अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि हमले का समुद्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं. जांच से जुड़े सूत्रों को शक है कि अवैध तस्करी के रास्तों को बचाने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया हो सकता है.

घटना के बाद जिवानी के तटीय इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है और हमले से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है.