Nashik TCS Case: नासिक के चर्चित TCS मामले में आरोपी निदा खान को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. सोमवार को पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया. निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और नासिक क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था.
बंद कमरे में हुई सुनवाई
चार दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद निदा खान को नाशिक रोड कोर्ट में पेश किया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. सुनवाई ‘इन-कैमरा’ यानी बंद कमरे में हुई. इसके बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
क्या हैं आरोप?
पुलिस के मुताबिक, निदा खान पर TCS कंपनी में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों को कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने और उनका ब्रेनवॉश करने का आरोप है.
एसआईटी जांच में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी पीड़िता को अपने घर ले जाती थी, जहां उसे नमाज पढ़ना, हिजाब और बुर्का पहनना सिखाया जाता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर ‘मालेगांव पार्टी’ के जरिए पीड़िता का नाम बदलने की योजना बना रहे थे.
मामले में दर्ज हुईं 9 FIR
यह मामला 26 मार्च को सामने आया था, जब नासिक के देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जुलाई 2022 से उसे शादी का झूठा वादा कर धोखे में रखा गया. इस मामले में निदा खान को तीसरे आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, TCS ऑफिस में धर्म परिवर्तन की कोशिश, यौन उत्पीड़न और धार्मिक उत्पीड़न से जुड़े कुल 9 मामले दर्ज किए गए हैं. इस केस में 9 आरोपी हैं, जिनमें 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ये भी पढ़ें- तोड़ने वाले भारत की शक्ति को समझ नहीं सके... सोमनाथ से पीएम मोदी ने दिया संदेश, सरदार पटेल को किया याद