बिहार में नई सरकार के लिए हलचल तेज, सीएम नीतीश कुमार ने कल बुलाई कैबिनेट बैठक; जानें कब होगा शपथ ग्रहण

Nitish Kumar News: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के शानदार प्रदर्शन के बाद अब राज्य की राजनीति फैसलों के तेज मोड़ पर पहुँच चुकी है. नई सरकार बनाने की प्रक्रिया अब पूरी गति पकड़ चुकी है और राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ रही है.

new government in Bihar CM Nitish Kumar cabinet meeting tomorrow swearing in will take place
Image Source: ANI/ File

Nitish Kumar News: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के शानदार प्रदर्शन के बाद अब राज्य की राजनीति फैसलों के तेज मोड़ पर पहुँच चुकी है. नई सरकार बनाने की प्रक्रिया अब पूरी गति पकड़ चुकी है और राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ रही है. रविवार को जहां परिणामों के बाद बैठकों का दौर चलता रहा, वहीं अब सोमवार से सरकार बदलने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने वाली है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार सुबह 11:30 बजे कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. इस बैठक में मौजूदा मंत्रिमंडल भंग करने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी. जैसे ही कैबिनेट इस प्रस्ताव को मंजूरी देगी, नीतीश कुमार सीधे राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे. इसके बाद नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो जाएगा.

गांधी मैदान हुआ सील, तैयारी शुरू

नई सरकार के गठन के साथ ही पटना के गांधी मैदान में हलचल बढ़ गई है. प्रशासन ने 17 से 20 नवंबर तक गांधी मैदान को आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है. यहां बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी हो रही है. ध्वनि-सज्जा से लेकर मंच निर्माण तक कई एजेंसियाँ मैदान को तैयार करने में लगी हैं.

कब होगा शपथ ग्रहण? तारीख लगभग तय

सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह की तारीख 19 या 20 नवंबर तय की जा रही है. यह समारोह गांधी मैदान में ही होने की संभावना है, जहां पीएम नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रह सकते हैं. इसके साथ ही बिहार एक बार फिर एक बड़े राजनीतिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है.

यह भी पढ़ें- सिबिल स्कोर खराब होने पर भी बैंक से लोन कैसे मिलेगा? जानिए आसान तरीका