होर्मुज के पास जहाज पर टॉरपीडो अटैक, एक भारतीय नाविक की मौत; क्रू में शामिल थे 19 इंडियन

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास मालवाहक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई. जहाज भारत की ओर जा रहा था और उस पर कई भारतीय नागरिक सवार थे.

mv-cape-dao-attack-kills-indian-sailor-hormuz-strait
Image Source: Social Media

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास मालवाहक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई. जहाज भारत की ओर जा रहा था और उस पर कई भारतीय नागरिक सवार थे. घटना के बाद भारतीय दूतावास ने मामले पर नजर बनाए रखने के साथ ही जहाज पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों से संपर्क साधा है. हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन या देश ने नहीं ली है.

जहाज पर सवार था 19 भारतीय नागरिक

भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना की जानकारी दी. दूतावास के मुताबिक, एमवी केप डाओ पर कुल 19 भारतीय नागरिक सवार थे. एक भारतीय नागरिक की मौत पर दूतावास ने दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. दूतावास ने कहा कि वह घटना पर लगातार नजर रख रहा है और जहाज पर मौजूद अन्य चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है.

दूतावास ने बताया कि वह आरपीएसएल के साथ समन्वय कर रहा है और मृतक के परिवार के भी संपर्क में है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एमवी केप डाओ पर हमला किसने किया. दूतावास ने कहा कि सभी चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है.

देवरिया के सुरज यादव की हुई मौत

फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने एक्स पर एक पोस्ट में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सुरज यादव के रूप में की. वह जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे. यूनियन ने कहा, "एक और भारतीय नाविक की मौत हो गई." संगठन ने बताया कि भारत की ओर जाते समय एमवी केप डाओ पर हमला होने के बाद यादव की मौत हुई.

एफएसयूआई ने दावा किया है कि जहाज पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय थे. हालांकि, यह संख्या भारतीय दूतावास की ओर से बताई गई 19 भारतीय नागरिकों की संख्या से अलग है.

MEA ने जताया कड़ा विरोध

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर बयान जारी किया है. विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि हम ओमान के पूर्वी तट के पास कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर आज हुए हमले की निंदा करते हैं. इस जहाज में 20 भारतीय सवार थे. 19 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है, वहीं एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. बयान में कहा, 'हम पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारा ओमान में भारतीय दूतावास इस घटना पर लगातार नजर रख रहा है. साथ ही भारतीय नाविकों की स्वदेशी वापसी सुनिश्चित करने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है. हम ओमान के अधिकारियों समर्थन के लिए धन्यवाद करते हैं.' 

बयान में आगे कहा गया है, 'कमर्शियल जहाजों पर लगातार किए जा रहे हमले चिंताजनक हैं. हम तनाव कम करने और इलाके के जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपनी अपील दोहराते हैं. इलाके में कमर्शियल शिपिंग, नाविकों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए.' इसके आगे बयान में कहा गया है कि इलाके के इंटरनेशनल जलमार्गों से बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.

हमले में दो टॉरपीडो इस्तेमाल करने का दावा

एफएसयूआई के मुताबिक, जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया. इनमें से एक टॉरपीडो जहाज के सी-डेक के आवासीय हिस्से के बाईं ओर लगा, जबकि दूसरा इंजन रूम के पास बाईं ओर के बाहरी हिस्से से टकराया.

यूनियन ने कहा कि इस हमले से होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास नागरिक नाविकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है. संगठन ने तत्काल जवाबदेही तय करने, सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने और यादव समेत अब भी खतरे में मौजूद अन्य भारतीय नाविकों के लिए न्याय की मांग की. एफएसयूआई ने कहा, "आश्वासन का कोई मतलब नहीं है. होर्मुज और उसके आसपास निर्दोष नागरिक नाविकों की हत्या की जा रही है."

हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली

एमवी केप डाओ पर हुए इस हमले को लेकर फिलहाल किसी पक्ष ने जिम्मेदारी नहीं ली है. वहीं, भारतीय दूतावास लगातार ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है और जहाज पर मौजूद अन्य चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर जानकारी जुटा रहा है. घटना के बाद मृतक भारतीय नाविक के परिवार से भी संपर्क बनाए रखा गया है.

ये भी पढ़ें: UNGA में ईरान का पलटवार! पेजेश्कियान ने ट्रंप के आरोपों पर दिया जवाब, कहा - 'हम खुद आतंकवाद...'