मुंबई के भूलेश्वर में दर्दनाक हादसा, आगमन के दौरान गिरी 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, 2 की मौत... कई 5 घायल

Mumbai Ganpati Accident: मुंबई के भूलेश्वर में शनिवार रात गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. करीब 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

mumbai-bhuleshwar-ganpati-idol-falls-two-dead-five-injured
Image Source: Internet

Mumbai Ganpati Accident: मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने माहौल को गमगीन कर दिया. भूलेश्वर में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान करीब 22 फीट ऊंची प्रतिमा अचानक असंतुलित होकर गिर गई. हादसा इतना गंभीर था कि इसकी चपेट में आए सात लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस तथा राहत-बचाव दल पहुंचा.

बताया जा रहा है कि ‘भूलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर लाया जा रहा था. पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत

हादसे में कुल सात लोग प्रभावित हुए हैं. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक दो लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है. वहीं पांच घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता और दहशत का माहौल देखने को मिला.

पंडाल से कुछ दूरी पहले हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक गणपति प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर ले जाया जा रहा था. प्रतिमा जैसे ही पंडाल के करीब पहुंची, उससे लगभग 50-60 मीटर पहले उसका संतुलन बिगड़ गया. कुछ ही पलों में करीब 22 फीट ऊंची प्रतिमा जमीन पर गिर गई और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए. घटना शनिवार रात करीब 9 बजकर 51 मिनट पर बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक इलाके में हुई. हादसे के बाद सड़क पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को इसकी सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड और मुंबई पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ ने भी राहत एवं बचाव कार्य में हिस्सा लिया. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल पर स्थिति को संभाला और प्रभावित लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का काम किया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में तनाव और भीड़ की स्थिति बनी रही.

मुंबई में हजारों गणेश पंडाल लगाए जाते हैं

मुंबई में गणेशोत्सव का उत्साह हर साल देखते ही बनता है. शहर के अलग-अलग इलाकों में हजारों गणेश मंडल बड़े स्तर पर उत्सव का आयोजन करते हैं. इस साल महाराष्ट्र में गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होने वाला है. मुंबई में 10 हजार से ज्यादा गणेश मंडल मौजूद हैं, हालांकि करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है. पूरे महाराष्ट्र में इस साल करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान जताया गया है. ऐसे में बड़ी प्रतिमाओं के आगमन और स्थापना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है.

ये भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: रविवार को बन रहे हैं खास योग, मेष-सिंह को मिलेगा करियर में फायदा, जानें बाकी राशियों का हाल