Moradabad Crime News: मुरादाबाद में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है. एक युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई, लेकिन पुलिस की त्वरित जांच ने कुछ ही घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के आरोप मृतक के अपने ही रिश्तेदारों पर लगे हैं. पुलिस के अनुसार, अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद ने इस खौफनाक हत्याकांड को जन्म दिया.
जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
मामला उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के शहर थाना क्षेत्र का है. डिगनिया गांव के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना दिया.
शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की गई. जांच में मृतक की पहचान संभल जिले के थाना केला देवी क्षेत्र के रहने वाले करीब 25 वर्षीय युवक के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की, जिससे मामले की दिशा बदल गई.
बुआ के घर आया था युवक
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक कुछ दिन पहले ही सोनकपुर क्षेत्र स्थित अपनी बुआ के घर आया था. वह पिछले तीन से चार दिनों से वहीं रह रहा था. इसी दौरान उसके निजी संबंधों को लेकर परिवार के भीतर तनाव पैदा हो गया था. जांच अधिकारियों के मुताबिक, युवक के अपनी फुफेरी बहनों के साथ कथित तौर पर अनुचित संबंध थे. इस बात की जानकारी जब बहनों के भाइयों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और युवक को उनसे दूरी बनाए रखने की चेतावनी भी दी थी.
चेतावनी के बाद रची गई साजिश
पुलिस का दावा है कि चेतावनी देने के बावजूद युवक ने अपनी गतिविधियां नहीं बदलीं. इससे नाराज होकर दोनों फुफेरे भाइयों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोपियों ने पहले युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने हत्या की साजिश तैयार कर ली. पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक को अपने कब्जे में लिया और उसकी हत्या कर दी. हत्या के पीछे मुख्य वजह पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों को माना जा रहा है.
गला घोंटकर की हत्या, फिर आत्महत्या दिखाने की कोशिश
तफ्तीश में खुलासा हुआ कि 8 और 9 जून की रात आरोपियों ने युवक का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. बताया गया कि हत्या के बाद शव को एक दिन तक एक कमरे में छिपाकर रखा गया. इसके बाद दोनों आरोपी शव को जंगल में ले गए और उसे पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे और किसी को उन पर शक न हो.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
मामले की सबसे अहम कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट साबित हुई. रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत फांसी लगाने से नहीं बल्कि गला घोंटने से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और संदिग्ध रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोनों फुफेरे भाइयों को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
कुछ घंटों में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि यह एक ब्लाइंड मर्डर केस था, लेकिन पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर बेहद कम समय में मामले का खुलासा कर दिया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: पत्नी की हत्या कर बेड में छिपाया शव, गांव में जलाया, तालाब में बहाए सबूत, 5 महीने बाद बेटी ने खोला राज