Delhi Rain: दिल्ली में मॉनसून की पहली तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में पानी भरने से परेशानी भी बढ़ गई. बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.
द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास में पानी भरने की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई. इसका असर एक्सप्रेसवे पर भी देखने को मिला. इसके अलावा मिंटो ब्रिज, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, तुगलकाबाद, पुल प्रह्लादपुर और बायोडायवर्सिटी पार्क जैसे इलाकों में भी जलभराव की खबरें सामने आई हैं.
खराब मौसम का उड़ानों पर भी असर
बारिश और तेज हवा का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा. खराब मौसम की वजह से कुल 15 उड़ानों का रूट बदलना पड़ा. इनमें 5 अंतरराष्ट्रीय और 10 घरेलू उड़ानें शामिल थीं. इन फ्लाइट्स को जयपुर और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया. मौसम सामान्य होने के बाद इन्हें अपने तय गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा.
पहली ही बारिश में बढ़ी मुश्किलें
दिल्ली में इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2 जुलाई को पहुंचा था, जो सामान्य से करीब पांच दिन देर से आया. इसके बाद भी कई दिनों तक तेज बारिश नहीं हुई और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे. अब पहली अच्छी बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन कई जगह जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं.
अभी और होगी बारिश
भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 1 जून से 3 जुलाई के बीच दिल्ली में सामान्य से 49 फीसदी कम बारिश हुई है. इस दौरान आमतौर पर 75.1 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल केवल 38.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 से 8 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है. इससे दिल्ली में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- New Delhi: कतर, अमेरिका और बेल्जियम... आज से 6 देशों के दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, जानिए क्या है खास