Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक हुई. इस बैठक में कई बड़े विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. इनमें अहमदाबाद मेट्रो का विस्तार और आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं.
अहमदाबाद मेट्रो का होगा विस्तार
केंद्रीय कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2ए को मंजूरी दे दी है. इसके तहत करीब 6 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें पांच नए मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे.
इस परियोजना पर लगभग 2169 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. सरकार का कहना है कि इससे करीब 2500 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. परियोजना पूरी होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 77.63 किलोमीटर हो जाएगी.
#WATCH | Delhi: Union Minister Ashwini Vaishnaw says, "The Koteshwar Road-Airport corridor for Metro Phase 2 was approved by the Cabinet today. Ahmedabad Metro Phase 1 comprised two corridors: the North-South and East-West corridors... It will feature five stations and span a… pic.twitter.com/NCOSELyfr2
— ANI (@ANI) June 10, 2026
अमरावती में बनेंगे नए सरकारी भवन और आवास
कैबिनेट ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में दो बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी है. पहले प्रोजेक्ट के तहत करीब 23.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में केंद्रीय सरकारी कार्यालयों और आवासों का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 1299 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं दूसरे प्रोजेक्ट के तहत करीब 31.30 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में सरकारी आवास बनाए जाएंगे. इस योजना की अनुमानित लागत 1235 करोड़ रुपये बताई गई है.
पीएम मोदी के नाम दर्ज हुआ नया रिकॉर्ड
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 4399 दिन का लगातार कार्यकाल पूरा कर लिया है. इसी उपलब्धि पर केंद्रीय कैबिनेट ने एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया.
लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक दिन
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 10 जून 2026 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह सफर आम परिवार से निकलकर देश की सर्वोच्च जिम्मेदारी तक पहुंचने और लगातार जनता का विश्वास हासिल करने का उदाहरण है. कैबिनेट के प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, सुशासन और भविष्य के संकल्पों का भी उल्लेख किया गया है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने पूरे किए 12 साल, तो इटली से आया खास संदेश, जानें PM मेलोनी ने क्या कहा