मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में सजा काट रही मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन मेरठ जेल में मनाया जाएगा. इस मौके पर जेल प्रशासन की ओर से बच्ची को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने उपहार में दिए जाएंगे. जेल प्रशासन का कहना है कि जेल में रह रहे छह साल तक के बच्चों का जन्मदिन मनाने की परंपरा है. इसी के तहत मुस्कान की बेटी का जन्मदिन भी अन्य बच्चों की तरह मनाया जाएगा.
जेल में रह रहे पांच बच्चों का रखा जा रहा ध्यान
जेल के वरिष्ठ अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, फिलहाल मेरठ जेल में छह साल से कम उम्र के पांच बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे हैं. इन बच्चों का कोई अपराध नहीं है, लेकिन माता-पिता के जेल में होने के कारण उन्हें भी अपनी मां के साथ यहां रहना पड़ रहा है.
ऐसे में जेल प्रशासन की कोशिश रहती है कि बच्चों को उनके बचपन में किसी तरह की कमी महसूस न हो. उन्हें यह एहसास न हो कि जेल में रहने के कारण उनकी खुशियों और जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है.
जेल कर्मचारी और महिला बंदी मिलकर मनाते हैं जन्मदिन
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल कर्मचारी और महिला बंदी मिलकर बच्चों का जन्मदिन मनाते हैं. इस दौरान बच्चों को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने दिए जाते हैं. साथ ही उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाता है.
इस पहल का उद्देश्य बच्चों को खुशियां देना और उनके भीतर सम्मान की भावना बनाए रखना है. जेल प्रशासन चाहता है कि जब ये बच्चे भविष्य में जेल से बाहर समाज के बीच जाएं तो उन्हें इस बात का मलाल न रहे कि जेल में रहने के दौरान उनका जन्मदिन नहीं मनाया गया.
बड़ी बेटी पीहू से मिलना चाहती है मुस्कान
वहीं, मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा जताई है. बताया गया है कि मुस्कान के वकील उससे मिलने जेल पहुंचे थे. इसी दौरान उसने वकील के माध्यम से अपने परिवार तक बेटी से मिलने की इच्छा का संदेश भिजवाया.
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि यदि मुस्कान इस संबंध में कोई पत्र देती है तो उसे नियमानुसार परिवार तक पहुंचाया जाएगा. फिलहाल जेल प्रशासन को उसके औपचारिक पत्र का इंतजार है.