Farrukhabad Blast: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को एक भयंकर हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. कादरी गेट थाना क्षेत्र के सातनपुर मंडी के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. हादसे में कोचिंग सेंटर में मौजूद करीब 10 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई.
धमाके की तीव्रता ने दहलाया
यह धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकान तक हिल गए. रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट के कारण कोचिंग सेंटर की इमारत पूरी तरह ध्वस्त हो गई. बाहर की स्लैब और दीवारें 50 मीटर दूर जा गिरीं, जबकि लोहे की जाली 150 मीटर दूर जाकर एक गड्ढे में गिरी. कुछ बच्चों के शव इतने क्षत-विक्षत हो गए कि मौके पर मांस के लोथड़े बिखरे पाए गए.
वाहनों को भी उड़ा ले गया विस्फोट
कोचिंग सेंटर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें, स्कूटी और साइकिलें भी धमाके की चपेट में आ गईं. ये वाहन तकरीबन 50 मीटर दूर जाकर गिरे. यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि स्थानीय लोग सहम गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस और प्रशासन मौके पर सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और फतेहगढ़ व कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोचिंग सेंटर में मौजूद एक शिक्षक को हिरासत में ले लिया है. सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को तुरंत राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों को शीघ्र और बेहतर इलाज मुहैया कराने को कहा है. साथ ही, मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
ये भी पढ़ें: इलाहबाद हाईकोर्ट में मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज, टूटेगी संभल की गौसुलवरा मस्जिद! जानें क्या हुआ फैसला?