WhatsApp पर आए शादी के कार्ड से लगा 5,00,000 का चूना, जानें इस खतरनाक साइबर फ्रॉड से बचने का तरीका

WhatsApp Wedding Invitation Scam: ऑनलाइन ठगी अब पहले से कहीं ज्यादा चालाक और खतरनाक हो चुकी है. साइबर अपराधी लोगों की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाकर नए-नए तरीके अपना रहे हैं.

man lost Rs 5 lakh in Whatsapp wedding card scam cyber Fraud
AI Generated

WhatsApp Wedding Invitation Scam: ऑनलाइन ठगी अब पहले से कहीं ज्यादा चालाक और खतरनाक हो चुकी है. साइबर अपराधी लोगों की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाकर नए-नए तरीके अपना रहे हैं. हाल ही में Bengaluru से सामने आया एक ऐसा ही मामला जहां एक बिजनेसमैन WhatsApp पर आए शादी के निमंत्रण में फंस गए और लाखों रुपये का नुकसान हुआ.

शादी का कार्ड भेजकर लगाया चूना

42 वर्षीय कारोबारी नूर नाहिद खान को WhatsApp पर एक मैसेज मिला, जिसमें उन्हें शादी समारोह में आमंत्रित किया गया था. संदेश में एक इनविटेशन फाइल भी संलग्न थी. संदेश देखने में बिल्कुल असली और सामान्य लग रहा था, इसलिए पीड़ित ने इसमें कोई खतरा महसूस नहीं किया. लेकिन इसी भरोसे ने साइबर ठगों को अपना शिकार बनाने का मौका दे दिया.

APK फाइल डाउनलोड करना पड़ा महंगा

मैसेज के साथ भेजी गई APK फाइल दरअसल Android ऐप इंस्टॉल करने वाली फाइल थी. नूर ने बिना सोचे इस फाइल को डाउनलोड कर लिया और जरूरी परमिशन दे दी. इस गलती के बाद उनका फोन खतरनाक ऐप की चपेट में आ गया, जिसने मोबाइल की संवेदनशील सुविधाओं जैसे बैंकिंग ऐप्स, UPI ऐप्स और अन्य निजी डेटा तक पहुंच हासिल कर ली.

मिनटों में उड़ गए लाखों रुपये

रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह 4:45 से 4:54 बजे के बीच नूर के खाते से कई UPI ट्रांजैक्शन किए गए. देखते ही देखते लगभग 5,00,440 रुपये उनके खाते से गायब हो गए. यह डराने वाली बात थी कि उन्हें तब तक कुछ पता नहीं चला जब तक बैंक से पैसे कटने के मैसेज नहीं आए.

पुलिस ने की कार्रवाई

मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. जांच एजेंसियों का अनुमान है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. जानकारी के अनुसार वही APK फाइल और शादी वाला मैसेज शहर के कई लोगों को भेजा गया था, जिससे लगता है कि ठग बड़ी संख्या में लोगों को निशाना बना रहे थे.

इस साइबर स्कैम से कैसे बचें?

साइबर एक्सपर्ट्स की सलाह है कि WhatsApp पर किसी भी APK फाइल को डाउनलोड करने से पहले सावधानी बरतें. विशेषकर यदि फाइल किसी अनजान नंबर से आई हो तो उसे तुरंत डिलीट कर देना चाहिए. Google Play Store के बाहर से ऐप इंस्टॉल करना हमेशा जोखिम भरा माना जाता है. किसी भी ऐप को बैंकिंग या मोबाइल एक्सेस की अनुमति देने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें.

ये भी पढ़ें: 8000mAh बैटरी, पावरफुल प्रोसेसर... मार्केट में आने वाला है Realme का एक और धांसू फोन, जानें खासियत