मलेशिया घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों के लिए अहम खबर है. मलेशिया सरकार ने भारतीयों को मिलने वाली 30 दिन की वीजा फ्री एंट्री सुविधा खत्म करने का फैसला किया है. नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे. इसके बाद भारतीय नागरिकों को मलेशिया की यात्रा करने से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा. वीजा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू हो जाएगी.
मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट (JIM) ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में इस बदलाव की जानकारी दी है. विभाग के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को दी गई वीजा छूट की सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक ही लागू रहेगी. 1 जनवरी 2027 से मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों को पहले से वीजा लेना होगा. इसके लिए आवेदन MyVISA पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा.
2023 में शुरू हुई थी वीजा फ्री एंट्री की सुविधा
मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए 1 दिसंबर 2023 को 30 दिन की वीजा फ्री एंट्री सुविधा शुरू की थी. इसके तहत भारतीय पर्यटक बिना वीजा के लगातार 30 दिनों तक मलेशिया में रह सकते थे. हालांकि, यात्रा से तीन दिन पहले मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड (MDAC) के लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी था.
शुरुआत में यह सुविधा सीमित अवधि के लिए लागू की गई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 2026 के आखिर तक कर दिया गया. अब मलेशिया सरकार ने इसे आगे जारी नहीं रखने का फैसला किया है. ऐसे में नए साल से भारतीय यात्रियों को मलेशिया घूमने के लिए वीजा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.
वीजा आवेदन की फीस नहीं होगी रिफंड
इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने वीजा आवेदन से जुड़ी फीस को लेकर भी जरूरी जानकारी दी है. विभाग के अनुसार, आवेदन मंजूर हो या खारिज, किसी भी स्थिति में जमा की गई फीस वापस नहीं की जाएगी. अगर यात्री अपनी यात्रा की योजना बदल देता है या वीजा नीति में बदलाव होता है, तब भी आवेदन शुल्क का रिफंड नहीं मिलेगा.
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मलेशिया सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रवेश से जुड़े नियमों में बदलाव किया जा सकता है. इसलिए यात्रियों को टिकट बुक करने और यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देश जरूर जांचने चाहिए.
मलेशिया में इलाज का खर्च खुद उठाना होगा
मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने विदेशी यात्रियों को पूरी यात्रा अवधि के लिए मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह भी दी है. विभाग के मुताबिक, मलेशिया में गैर-निवासियों को इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भुगतान करना पड़ता है. ऐसे में यात्रा के दौरान किसी तरह की मेडिकल इमरजेंसी होने पर इलाज का पूरा खर्च यात्री को खुद उठाना होगा.
नौकरी के लिए वीजा फ्री एंट्री का इस्तेमाल न करें
इससे पहले सितंबर में कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने मलेशिया में रहने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री सुविधा का इस्तेमाल नौकरी तलाशने के लिए नहीं करने की सलाह दी थी.
एडवाइजरी में साफ किया गया था कि 30 दिन की वीजा फ्री एंट्री सुविधा का इस्तेमाल केवल पर्यटन और सामाजिक मुलाकातों के लिए किया जा सकता है. इस सुविधा के तहत मलेशिया में नौकरी करने की अनुमति नहीं थी. अब वीजा फ्री एंट्री की सुविधा खत्म होने के बाद भारतीय यात्रियों को मलेशिया जाने से पहले नए नियमों के अनुसार तैयारी करनी होगी.
यह भी पढ़ें: नौकरीपेशा लोगों की बल्ले-बल्ले! अब PF खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा, EPFO ने बदले नियम