फिर झूठ फैला रहा पाकिस्तान! भारत को ठहराया अपनी नाकामियों का जिम्मेदार, जानें पूरा मामला

Pakistan Army In Khyber Pakhtunkhwa: पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा सैन्य अभियान चलाया है. सेना ने इस कार्रवाई के दौरान 21 विद्रोहियों को मार गिराने का दावा किया है.

Major operation by Pakistani Army in Khyber Pakhtunkhwa claims killing of 21 insurgents
Image Source: Social Media

Pakistan Army In Khyber Pakhtunkhwa: पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा सैन्य अभियान चलाया है. सेना ने इस कार्रवाई के दौरान 21 विद्रोहियों को मार गिराने का दावा किया है. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने रविवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में अलग-अलग अभियानों के दौरान 21 ‘आतंकवादियों’ को मारा है.

इस दौरान आईएसपीआर ने पाकिस्तान में सुरक्षा से जुड़ी नाकामियों का जिम्मेदार भारत को ठहराने की कोशिश भी की. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ने मारे गए विद्रोहियों को भारत से जोड़ने का दावा किया, हालांकि इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया गया.

आईएसपीआर के मुताबिक पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर एक अभियान के बाद उत्तरी वजीरिस्तान में 10 ‘आतंकवादी’ मारे गए. यह कार्रवाई 31 अगस्त और 1 सितंबर की रात हुई एक मुठभेड़ के बाद की गई. सेना के अनुसार उस मुठभेड़ में पाकिस्तान में घुसने की कोशिश कर रहे 15 ‘आतंकवादी’ मारे गए थे. नए अभियान के बाद पाकिस्तान में घुसने की कोशिश में मारे गए लोगों की कुल संख्या 25 बताई गई है.

उत्तरी वजीरिस्तान में भी हुई मुठभेड़

आईएसपीआर ने बताया कि उत्तरी वजीरिस्तान में एक और मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमा के पास एक समूह की गतिविधियों का पता लगाया. इसके बाद कार्रवाई करते हुए सात लोगों को मार गिराने का दावा किया गया.

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग के अनुसार कोहाट और डेरा इस्माइल खान में भी दो अलग-अलग झड़पें हुईं. इन दोनों कार्रवाइयों में चार अन्य ‘आतंकवादियों’ के मारे जाने की बात कही गई है.

अफगान तालिबान पर पाकिस्तान ने साधा निशाना

आईएसपीआर ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हो रही घटनाओं को लेकर अफगान तालिबान सरकार पर भी आरोप लगाए. उसने कहा कि सीमा पर बार-बार होने वाली घटनाओं से पाकिस्तान का यह रुख और मजबूत हुआ है कि अफगान तालिबान सरकार अपनी जमीन का इस्तेमाल सीमा पार आतंकवाद के लिए होने से रोकने में नाकाम रही है.

आईएसपीआर ने यह भी आरोप लगाया कि अफगान तालिबान अधिकारी प्रभावी सीमा प्रबंधन करने और आतंकवाद के खिलाफ अपनी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों को पूरा करने में भी असफल रहे हैं.

पाकिस्तानी सेना ने भारत पर लगाए आरोप

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ने इस अभियान के दौरान भारत पर भी आरोप लगाए. आईएसपीआर ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बल देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं और क्षेत्र में ‘भारतीय समर्थन’ से सक्रिय आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी रखेंगे.

आईएसपीआर के अनुसार ये अभियान आतंकवाद विरोधी राष्ट्रीय कार्य योजना की केंद्रीय शीर्ष समिति से मंजूर हैं और ‘अज़म-ए-इस्तेहकाम’ ढांचे के तहत चलाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- शहबाज-मुनीर के हाथ से निकला बलूचिस्तान, बोरिया-बिस्तर बांध कर निकला जिगरी दोस्त, उठे सवाल