Kiss Kiss Ko Pyaar Karoon 2:कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की नई फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ ने 12 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी, लेकिन ओपनिंग डे पर फिल्म वैसा असर नहीं छोड़ पाई, जैसी उम्मीद की जा रही थी. साल 2015 में आई सुपरहिट फिल्म के सीक्वल होने के बावजूद इसकी शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रही.
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले दिन करीब 1.75 करोड़ रुपये नेट की कमाई की. यह आंकड़ा इसके पहले पार्ट की ओपनिंग से काफी कम है, जिसने रिलीज के पहले दिन करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. सीक्वल होने के बावजूद इस गिरावट ने मेकर्स को जरूर निराश किया होगा.
थिएटर ऑक्यूपेंसी भी नहीं रही मजबूत
रिलीज के दिन फिल्म की कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी करीब 16.45 प्रतिशत दर्ज की गई.सुबह के शोज़ में दर्शकों की मौजूदगी सबसे कम रही, जहां ऑक्यूपेंसी सिर्फ 5.91 प्रतिशत थी. दोपहर में यह बढ़कर 13.90 प्रतिशत तक पहुंची, जबकि शाम के शोज़ में 17.21 प्रतिशत दर्शक नजर आए. सबसे बेहतर रिस्पॉन्स नाइट शोज़ में मिला, जहां ऑक्यूपेंसी 28.77 प्रतिशत दर्ज की गई.
मजबूत मुकाबले ने बिगाड़ा खेल
‘किस किसको प्यार करूं 2’ को बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा. रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ और कृति सेनन-धनुष स्टारर ‘तेरे इश्क में’ पहले से ही दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही हैं. ऐसे में कपिल शर्मा की फिल्म के लिए स्क्रीन और ऑडियंस दोनों बंट गईं.
कहानी में फिर उलझी शादियों का कॉमेडी ट्विस्ट
फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी तब उलझ जाती है जब वह अपने प्यार से शादी करने की कोशिश करता है. हालात ऐसे बनते हैं कि वह अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखने वाली तीन महिलाओं से शादी कर बैठता है. इसके बाद गलतफहमियों, मजेदार हालात और कॉमिक ट्विस्ट्स की झड़ी लग जाती है. यह फिल्म प्यार, रिश्तों की उलझन और आधुनिक दौर के रिलेशनशिप्स को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है.
स्टारकास्ट और निर्देशन
अनुकल्प गोस्वामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कपिल शर्मा के साथ आयशा खान, पारुल गुलाटी, त्रिधा चौधरी, वरुणा हुसैन और मंजोत सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में कितना उछाल आता है और क्या वर्ड ऑफ माउथ इसकी किस्मत बदल पाता है या नहीं.
यह भी पढ़ें: धनश्री के बाद क्या तेजस्वी प्रकाश पर फिदा हुए पवन सिंह! बोले- अइसे मत बोल, हम जान दे देब