Khatron Ke Khiladi 15 Winner: रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का सफर आखिरकार अपने मुकाम पर पहुंच गया है. शो के फिनाले में जबरदस्त स्टंट्स के बीच पॉपुलर टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा ने बाजी मार ली है. फिनाले में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़ते हुए सीजन की ट्रॉफी अपने नाम की. इस जीत के साथ अविनाश को ट्रॉफी के अलावा 20 लाख रुपये की प्राइज मनी, यूरोप घूमने का मौका और एक कार भी मिली है. खास बात ये है कि इस सीजन में शो का हिस्सा बने सभी कंटेस्टेंट्स को एक बाइक भी दी गई.
जीत के बाद अविनाश ने क्या कहा?
ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद अविनाश मिश्रा ने अपनी जीत को सिर्फ एक रियलिटी शो की ट्रॉफी के तौर पर नहीं देखा. उन्होंने कहा कि उनके लिए 'खतरों के खिलाड़ी' का सफर खुद को साबित करने से ज्यादा खुद को पहचानने का रहा. अविनाश के मुताबिक, जब उन्होंने शो साइन किया था तो उनके मन में खुद को साबित करने की बात थी, लेकिन आगे बढ़ते हुए उन्हें समझ आया कि उन्हें किसी और के सामने नहीं, बल्कि खुद के सामने अपनी क्षमता साबित करनी थी. अविनाश ने कहा कि कई सालों से लोग उन्हें टीवी एक्टर और उनके गुड लुक्स के लिए जानते हैं. हालांकि, वह हमेशा चाहते थे कि दर्शक उनके व्यक्तित्व और उनकी दूसरी खूबियों को भी पहचानें. उनके मुताबिक, शो ने उन्हें खुद को एक नए तरीके से सामने रखने का मौका दिया और यही इस पूरे सफर की खास बात रही.
डरावने स्टंट्स के बीच मिली सबसे बड़ी सीख
अविनाश ने अपने सफर की सबसे बड़ी सीख के बारे में बात करते हुए कहा कि इस शो में असली लड़ाई दिमाग की होती है. उनके मुताबिक, किसी भी स्टंट के लिए शरीर को तैयार किया जा सकता है, लेकिन जब सामने कोई खतरनाक चुनौती होती है तो उस वक्त सिर्फ इंसान, उसका डर और उसी पल लिया गया फैसला मायने रखता है. अविनाश के लिए शो में खुद को चुनौती देना सबसे अहम था. उन्होंने माना कि 'खतरों के खिलाड़ी' से बाहर निकलते वक्त उनका खुद पर भरोसा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुका है. उनके लिए यही इस शो की सबसे बड़ी उपलब्धि है.
टीम वीक से लेकर फिनाले तक ऐसा रहा सफर
शो में अविनाश मिश्रा का सफर शुरुआत से ही काफी मजबूत नजर आया. टीम वीक के दौरान उनकी परफॉर्मेंस ने खास तौर पर ध्यान खींचा. लगातार मुश्किल स्टंट्स में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें रोहित शेट्टी की सिग्नेचर कस्टम फियर जैकेट भी मिली, जो उनके मजबूत प्रदर्शन का संकेत बनी. हालांकि, उनके सफर में सबसे बड़ा मोड़ अंडरवॉटर स्टंट के दौरान आया. इस चुनौती में उनका मुकाबला शो के अनुभवी कंटेस्टेंट करण वाही से हुआ. अविनाश ने इस स्टंट में करण को मात देकर टॉप 5 में अपनी जगह पक्की की और सीजन के पहले फाइनलिस्ट बन गए.
इसके बाद भी अविनाश ने अपनी रफ्तार बनाए रखी. एक के बाद एक चुनौती को पार करते हुए उन्होंने फिनाले में जगह बनाई और आखिरी मुकाबले में ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर 'खतरों के खिलाड़ी 15' की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. टीवी के गुड-लुकिंग एक्टर के तौर पर पहचाने जाने वाले अविनाश ने इस शो के जरिए अपनी स्टंट क्षमता और आत्मविश्वास का एक अलग पक्ष दर्शकों के सामने रखा.
ये भी पढ़ें- 'दृश्यम 3' भी नहीं रोक पाई 'हनुमान अंश' की रफ्तार, 58वें दिन भी छप्परफाड़ कमाई