केन्या के गर्ल्स स्कूल में दर्दनाक हादसा, आग की चपेट में आईं छात्राएं; 16 की मौत, 70 से ज्यादा घायल

Kenya Girls School Fire: केन्या के नकुरु काउंटी में स्थित उतुमिशी गर्ल्स अकादमी में लगी भीषण आग ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है. गुरुवार तड़के छात्रावास में अचानक भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया.

kenya-girls-school-fire-kills-sixteen-students-many-injured
Image Source: Social Media

Kenya Girls School Fire: केन्या के नकुरु काउंटी में स्थित उतुमिशी गर्ल्स अकादमी में लगी भीषण आग ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है. गुरुवार तड़के छात्रावास में अचानक भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया. सो रही छात्राओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पूरा डॉर्मिटरी धुएं व लपटों से घिर गया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 16 छात्राओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 70 से ज्यादा छात्राएं घायल हैं और अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं.

रात के सन्नाटे में मची चीख-पुकार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग सुबह करीब 3:30 बजे छात्रावास में लगी. जैसे ही लपटें फैलनी शुरू हुईं, पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं. घटना की सूचना मिलते ही केन्या रेड क्रॉस, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं. प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया और स्कूल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया. कई छात्राओं को गंभीर हालत में बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

बढ़ता गया मौत का आंकड़ा

शुरुआत में 10 छात्राओं की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में गंभीर रूप से झुलसी छह और छात्राओं ने दम तोड़ दिया. अधिकारियों के मुताबिक, कई घायल छात्राओं की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. सेंट जोसेफ अस्पताल समेत कई मेडिकल सेंटरों में घायलों का इलाज जारी है. हादसे के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है, जबकि परिजन अस्पतालों के बाहर अपनों की सलामती की दुआ करते नजर आए.

सरकार और राष्ट्रपति ने जताया दुख

हादसे के बाद केन्या सरकार ने प्रभावित छात्राओं और परिवारों के लिए विशेष सहायता की घोषणा की है. स्टेट डिपार्टमेंट फॉर चिल्ड्रेन सर्विसेज ने मनोवैज्ञानिक सहायता और काउंसलिंग के लिए विशेषज्ञों की टीम तैनात करने का फैसला लिया है. वहीं राष्ट्रपति विलियम रूटो ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतक छात्राओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सरकार बचाव कार्य, घायलों के इलाज और हादसे की जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. प्रशासन अब आग लगने के कारणों की गहन जांच में जुटा हुआ है.

ये भी पढ़ें: Iran-US War: 2 घंटे के अंदर ईरान ने किया जवाबी हमला, कुवैत में अमेरिकी बेस पर बरसाए मिसाइल और ड्रोन