हिंदू धर्म में कार्तिक महीने को बेहद पवित्र माना जाता है. इस महीने में पड़ने वाली पूर्णिमा का भी विशेष धार्मिक महत्व है. इसे कार्तिक पूर्णिमा और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है. इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान करते हैं, मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं और दीपदान करते हैं. जरूरतमंदों को दान देना भी इस तिथि पर शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा-पाठ, व्रत और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा कहने के पीछे भगवान शिव से जुड़ी एक पौराणिक कथा है. मान्यता है कि इसी दिन महादेव ने तीन राक्षस भाइयों के तीन नगरों का एक ही बाण से विनाश किया था. इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर भगवान शिव की आराधना की थी. तभी से इस दिन दीपदान की परंपरा चली आ रही है. कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत रखने के साथ इसकी कथा पढ़ने और सुनने का भी विशेष महत्व बताया गया है. आइए जानते हैं इस दिन से जुड़ी पौराणिक कथा.
कार्तिक पूर्णिमा व्रत कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर नाम के शक्तिशाली राक्षस का वध किया था. उसके अत्याचारों से देवताओं को मुक्ति मिल गई, लेकिन तारकासुर की मृत्यु से उसके तीनों पुत्र बेहद क्रोधित हो गए. उन्होंने अपने पिता की मौत का बदला लेने और देवताओं को परेशान करने का निश्चय किया.
ब्रह्मा जी से मांगा अनोखा वरदान
तारकासुर के तीनों पुत्रों ने ब्रह्मा जी को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या शुरू कर दी. उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी प्रकट हुए और वरदान मांगने को कहा. तीनों भाइयों ने अमर होने का वरदान मांगा, लेकिन ब्रह्मा जी ने यह वरदान देने से मना कर दिया.
इसके बाद उन्होंने दूसरा वरदान मांगा. तीनों ने कहा कि उनके लिए तीन अलग-अलग नगर बनाए जाएं, जो सोने, चांदी और लोहे के हों. वे इन नगरों में रहकर तीनों लोकों में विचरण कर सकें. उन्होंने यह शर्त भी रखी कि तीनों नगर एक हजार साल बाद एक साथ एक सीध में आएं और जो देवता एक ही बाण से उनका विनाश कर सके, उसी के हाथों उनकी मृत्यु हो.
ब्रह्मा जी ने उनकी यह मांग स्वीकार कर ली. वरदान मिलने के बाद तीनों भाइयों के लिए तीन भव्य नगर बनाए गए. तारकाक्ष को सोने का नगर, कमलाक्ष को चांदी का नगर और विद्युन्माली को लोहे का नगर मिला. इन तीनों नगरों को त्रिपुर कहा गया. वरदान की शक्ति पाकर तीनों राक्षसों ने तीनों लोकों में उत्पात मचाना शुरू कर दिया. उनके अत्याचारों से देवता परेशान हो गए.
भगवान शिव ने एक बाण से किया त्रिपुर का विनाश
आखिरकार सभी देवता मदद मांगने भगवान शिव के पास पहुंचे. देवताओं की परेशानी देखकर महादेव ने तीनों राक्षस भाइयों का अंत करने का निश्चय किया. इसके लिए एक दिव्य रथ तैयार किया गया. इस रथ के पहिए सूर्य और चंद्रमा बने. इंद्र, यम, कुबेर और वरुण को घोड़ों का रूप दिया गया. हिमालय को धनुष और शेषनाग को उसकी प्रत्यंचा बनाया गया.
इसके बाद भगवान शिव दिव्य रथ पर सवार होकर युद्ध के लिए निकले. दोनों पक्षों के बीच भयंकर युद्ध हुआ. इसी दौरान वह समय आया, जब तीनों राक्षसों के नगर एक सीध में आ गए. यह वही क्षण था, जिसका वरदान में उल्लेख किया गया था. भगवान शिव ने मौका देखते ही एक दिव्य बाण चलाया और तीनों नगरों को नष्ट कर दिया. इस तरह तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली का अंत हो गया.
इसलिए मनाई जाती है त्रिपुरारी पूर्णिमा
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव ने यह विजय कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्राप्त की थी. तीनों राक्षसों के अंत से प्रसन्न होकर सभी देवी-देवताओं ने महादेव की पूजा की और दीप जलाकर उत्सव मनाया. इसी वजह से कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है.
मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दीपदान, भगवान शिव की पूजा और जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु विशेष रूप से पूजा-पाठ और धार्मिक कार्य करते हैं.
यह भी पढ़ें: बुध उदय से खुलेंगे तरक्की के रास्ते! इन 5 राशियों को मिल सकती है प्रमोशन और धन लाभ की खुशखबरी