Israel Lebanon Conflict: इजरायल ने ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच अब लेबनान में भी अपनी सैन्य कार्रवाई बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली सेना साउथ लेबनान के अंदर तक पहुंच चुकी है और वहां हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा है कि सेना को साउथ लेबनान में “सुरक्षा क्षेत्र” को और आगे बढ़ाने का आदेश दिया गया है. उनका कहना है कि यह कदम सीमा के पास होने वाले हमलों को रोकने और खतरे को कम करने के लिए जरूरी है.
ईरानी राजदूत को लेकर विवाद
दूसरी तरफ लेबनान में एक नया विवाद सामने आया है. लेबनान सरकार ने ईरान के राजदूत को “पर्सोना नॉन ग्रेटा” घोषित कर दिया, यानी उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया गया. लेकिन ईरानी राजदूत ने लेबनान छोड़ने से इनकार कर दिया है.
हिज़्बुल्लाह और नेताओं का समर्थन
बताया जा रहा है कि ईरानी राजदूत को लेबनान के कुछ बड़े नेताओं और हिज़्बुल्लाह का समर्थन मिला है. लेबनानी संसद के स्पीकर नबीह बेरी और उनकी पार्टी ने भी इस फैसले का विरोध किया. यहां तक कि उन्होंने कैबिनेट बैठक का बहिष्कार कर अपनी नाराजगी जताई.
बढ़ता तनाव और अनिश्चित हालात
पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. एक तरफ अमेरिका ईरान को बातचीत के जरिए समाधान की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सैन्य तैयारियां भी बढ़ रही हैं. ईरान ने भी अमेरिका को चेतावनी दी है कि किसी भी हमले का जवाब दिया जाएगा. इन सब घटनाओं के बीच यह साफ है कि हालात अभी शांत होने के संकेत नहीं दे रहे हैं और आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
ये भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट पर फिर दिखी भारत की ताकत, दो एलपीजी टैंकर सुरक्षित भारत की ओर रवाना